मुजफ्फरनगर। हिंदुस्तान सिटी न्यूज
नीदरलैंड की जीसी इंटरनेशनल कम्पनी पहले फेस में लिगेसी वेस्ट का निस्तारण करने जा रही है। कम्पनी करीब 18 माह में लिगेसी वेस्ट का निस्तारण पूर्ण कर लेगी। उधर नगर पालिका के द्वारा भूमि अधिग्रहण कार्य में तेजी लायी जा रही है। शीघ्र भूमि अधिग्रहण होने के बाद वर्ष 2026 तक सड़क निर्माण कार्य पूर्ण हो जाएगा। डीएम उमेश मिश्रा ने एडीएम प्रशासन को उक्त कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए है। उधर सेतू निगम ने भी नगर पालिका से धनराशि की डिमांड की है।
शहर के मोहल्ला किदवईनगर में नीदरलैंड की जीसी इंटरनेशनल कम्पनी के द्वारा वेस्ट टू एनर्जी प्लांट लगाया जाना है। इसके लिए नगर पालिका किदवईनगर में स्थित सोलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट के समीप करीब 19.46 हेक्टेयर भूमि कम्पनी को 30 साल तक की लीज पर दे चुकी है। कंपनी वेस्ट टू एनर्जी प्लांट के निर्माण पर करीब 18 अरब रुपये खर्च करते हुए करीब 30 मेगावाट बिजली प्रतिदिन बनाएगी। प्लांट के लिए काली नदी पर सेतू निगम के द्वारा ओवर ब्रिज बनाया जा रहा है। नगर पालिका के द्वारा दो किश्तों में करीब 3 करोड से अधिक धनराशि दी है। जो खर्च हो चुकी है। सेतू निगम ने नगर पालिका से तीसरी किश्त की डिमांड की है। उधर बुढाना मोड हाईवे से प्लांट तक सड़क बनाई जानी है। इस दौरान सुजडू, मंधेडा और खांजापुर के किसानों से भूमि अधिग्रहण की जानी है। नगर पालिका सुजडू के किसानों से भूमि अधिग्रहण कर पायी है। बताया जाता कि नगर पालिका के द्वारा करीब 4 हजार मीटर भूमि अधिग्रहण की गई है। अभी 40 से 50 किसानों से करीब 6 से 7 हजार मीटर भूमि अधिग्रहण की जानी है। भूमि अधिग्रहण होने के बाद सड़क निर्माण पूर्ण होगा। वहीं कम्पनी के द्वारा वेस्ट टू एनर्जी प्लांट के लिए मशीने स्थापित की जाएगी। डीएम ने एडीएम प्रशासन संजय कुमार को उक्त कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए है।
