मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

नगर पालिका में पिछले चार दिनों से चली आ रही सफाई कर्मचारियों की हडताल गुरुवार को भूख हडताल में बदल गई। पालिका प्रशासन के द्वारा वार्ता पर न बुलाना और मांगे पूरी न करने को लेकर गुरुवार को राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी महासंघ के जिलाध्यक्ष चमन लाल ढिंगान भूख हडताल पर बैठ गए। इस बीच नगर मजिस्ट्रेट पंकज सिंह राठौर मौके पर पहुंचे। उन्होंने मांगे पूरी कराने का आश्वासन दिया। वहीं चमन लाल ढिंगान को जूस पिलाकर भूख हडताल और धरने को खत्म कराया।
राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी महासंघ के जिलाध्यक्ष चमन लाल ढिंगान के नेतृत्व में सफाई कर्मचारी पिछले चार दिनों से नगर पालिका में धरने पर बैठे हुए थे। चमन लाल ढिंगान ने धरने से पूर्व 17 सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन चेयरपर्सन और ईओ को दिया था, लेकिन नगर पालिका प्रशासन ने उनके ज्ञापन को नजर अंदाज कर दिया। पालिका प्रशासन के द्वारा कोई वार्ता नहीं की गई। इस बात से खफा होकर चमन लाल ढिंगान के नेतृत्व में सफाई कर्मचारी नगर पालिका में धरने पर बैठ गए। गुरुवार को चमन लाल ढिंगान ने भूख हडताल शुरू कर दी। इस बीच नगर मजिस्ट्रेट पंकज सिंह राठौर धरने पर पहुंचे। उन्होंने सभी मांगे पूरी कराने का आश्वासन दिया। वहीं चमन लाल को जूस पिलाकर धरना समाप्त करा दिया। इस दौरान महामंत्री सागर वाल्मीकि, सफाई नायक पल्लेराम, सूरज, नंदकिशोर, अशोक कुमार, जितेन्द्र मचल, विकास कुमार, पदम, काजल सुधा, प्रवीण मचल, वेदू घाघट, मुकेश, मिलन, हरफूल सिंह गहलौत, डॉ. मुनेश, सोनू, सतीश, अक्षय, मनोज, राजकुमार बेनीवाल, अरुण कुमार, सुरेश, गोलू, अजय ढिंगान, रमेश वेद, विजेंद्र, विनोद आदि मौजूद रहे।







