मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

आगामी 21 अगस्त से जनपद में शुरू होने जा रही अग्निवीर भर्ती में व्यवस्था बनाने के लिए नगर पालिका की अहम भूमिका रहेगी। इस बार व्यवस्था से जुडे अधिकांश सभी कार्य कराने की जिम्मेदारी डीएम ने नगर पालिका को दी है। पूर्व में हुई अग्निवीर भर्ती में एमडीए को भी व्यवस्था से संबंधित विभिन्न कार्यों की जिम्मेदारी दी गई थी। इस बार यह जिम्मेदारी स्वयं नगर पालिका निभाने जा रही है।
चौधरी चरण सिंह स्टेडियम में 21 अगस्त से 8 सितम्बर तक अग्निवीर भर्ती होगी। इस भर्ती में 13 जिलों से करीब 17 हजार अभ्यार्थी प्रतिभाग करेंगी। अग्निवीर भर्ती के संबंध में अधिकांश व्यवस्था की जिम्मेदारी नगर पालिका को सौंपी गई है। नगर पालिका के द्वारा वॉटर प्रूफ टेंट लगाया जाएगा, वहीं मजबूत बैरिकेटिंग भी कराई जाएगी। बिजली कटौती या अन्य फाल्ट होने के संबंध में सप्लाई को दुरूस्त रखने के लिए नगर पालिका के द्वारा 70 केवी के दो बडे जनरेटर की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा 30 पंखों की व्यवस्था कराएगी। बारिश आदि होने पर स्टेडियम में जलभराव की निकासी के लिए पांच पम्प की व्यवस्था कराई जाएगी। वहीं दस से अधिक मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था रहेगी। नगर पालिका के द्वारा सफाई को लेकर तीन शिफ्टों में सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। वहीं पेयजलापूर्ति को लेकर सभी व्यवस्थाएं की जाएगी।

अग्निवीर भर्ती को लेकर वॉटरप्रूफ टेंट और बैरिकेटिंग कराई जाएगी। 70केवी के दो बडे जनरेटर व 30 पंखों की व्यवस्था कराई जाएगी। पानी की निकासी के लिए पांच पम्प की व्यवस्था रहेगी। पेयजलापूर्ति, पथ प्रकाश, सफाई आदि की सभी व्यवस्थाए कराई जाएगी।
डा. प्रज्ञा सिंह, नगर पालिका






