Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » राज्यमंत्री व चेयरपर्सन ने किया सेवा सेतु कार्यक्रम का शुभारंभ

राज्यमंत्री व चेयरपर्सन ने किया सेवा सेतु कार्यक्रम का शुभारंभ

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज


सोमवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर पालिका मुख्यालय टाउनहाल में सेवा सेतु कार्यक्रम में सरकार आपके द्वार जनकल्याणकारी शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल और चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने फीता काटकर किया।


शिविर में केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन को दी गई। जनप्रतिनिधियों ने शिविर में पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों के माध्यम से उनके समाधान की प्रक्रिया भी शुरू कराई। इस दौरान पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन दिया गया। मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि शिविर का उद्देश्य सरकारी योजनाओं की जानकारी पात्र नागरिकों तक पहुंचाना और उन्हें योजनाओं का लाभ लेने के लिए उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है। उन्होंने नागरिकों से शिविर में पहुंचकर केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी लेने तथा पात्रता के अनुसार उनका लाभ उठाने की अपील की। चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि जनसेवा और जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए सरकार की योजनाओं को जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की योजनाओं का उद्देश्य आमजन को सुविधाएं और सहायता उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि नगरपालिका स्तर पर भी लोगों को योजनाओं की जानकारी देने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए ऐसे कार्यक्रम महत्वपूर्ण हैं। मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि ‘सरकार आपके द्वार’ जैसे शिविरों से नागरिकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर मिलती है और पात्र लाभार्थियों को आवेदन तथा अन्य प्रक्रियाओं में मार्गदर्शन प्राप्त होता है। उन्होंने लोगों से योजनाओं की जानकारी लेकर पात्रता के अनुसार उनका लाभ उठाने की अपील की। इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रवीण खेडा, नंदकिशोर पाल, अमित शास्त्री, डॉ. देशबंधु तोमर, सभासद राजीव शर्मा, मनोज वर्मा, देवेश कौशिक, रविकांत शर्मा, शोभित गुप्ता, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनु चौधरी सहित आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल