मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

पुरकाजी थाना क्षेत्र के ग्राम हरेटी के ग्राम प्रधान विवेक राठी के 20 वर्षीय सुपुत्र स्वर्गीय रोहन राठी के असामयिक एवं दुखद निधन पर प्रदेश सरकार में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने आज शोकाकुल परिवार से भेंट कर अपनी गहरी संवेदनाएँ व्यक्त कीं तथा परिजनों को ढांढस बंधाया।


इस दौरान मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने परिजनों से घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की और उनकी पीड़ा, आशंकाओं एवं अपेक्षाओं को गंभीरतापूर्वक सुना। परिजनों द्वारा प्रकरण की जांच एवं कार्रवाई को लेकर अपनी बात रखे जाने पर मंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि मामले में निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ प्रत्येक पहलू की जांच सुनिश्चित कराई जाएगी।
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने एसएसपी व अन्य संबंधित अधिकारियों से प्रकरण की जानकारी लेते हुए SIT गठित कर स्पष्ट निर्देश दिए कि घटना से जुड़े प्रत्येक तथ्य एवं साक्ष्य की गहनता से जांच की जाए तथा किसी भी बिंदु को अनदेखा न किया जाए। उन्होंने कहा कि जांच पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ हो तथा यदि जांच में कोई भी व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उल्लेखनीय है कि 24 सितंबर को ग्राम हरेटी के समीप एक खेत में स्वर्गीय रोहन राठी का शव बरामद हुआ था। पुलिस द्वारा मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी दी गई है। पुलिस के अनुसार आरोपियों से पूछताछ एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटना के संबंध में महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं तथा उनके कब्जे से संबंधित वाहन, मोटरसाइकिल, अवैध हथियार एवं अन्य सामान बरामद किया गया है।
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि न्याय के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता पूरी तरह स्पष्ट है। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि प्रकरण की विवेचना निष्पक्ष रूप से करते हुए सभी तथ्यों की गंभीरता से जांच करें और कानून के दायरे में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि दुःख की इस कठिन घड़ी में सरकार एवं प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। परिवार को न्याय मिले, दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई हो और जांच प्रक्रिया पर पीड़ित परिवार का विश्वास कायम रहे—यह हमारी प्राथमिकता है।






