मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के सभागार में प्रेसवार्ता करते हुए बताया कि सदर विधानसभा क्षेत्र में पिछले नौ वर्षों के दौरान विद्युत व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण और विस्तार के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य कराए गए हैं। इन कार्यों से विधानसभा क्षेत्र के साथ ही शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति को बेहतर करने का प्रयास किया गया है।

नवस्वीकृत 132 केवी उपकेंद्र सूजडू का निर्माण कराया जा रहा है। इसकी क्षमता 2×63 एमवीए है और निर्माण व संबंधित 132 केवी लाइन की अनुमानित लागत 78.82 करोड़ रुपये है। इसके शुरू होने से सूजडू, महावीर चौक, नुमाइश कैंप, साकेत, मालवीय चौक, सर्कुलर रोड, खालापार सहित क्षेत्रों के घरेलू, व्यावसायिक और औद्योगिक उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा।
इसके अलावा 62.13 करोड़ रुपये की लागत से 220 केवी विद्युत उपकेंद्र बधाई कला का निर्माण कराया गया है। इससे बघाईकला, चरथावल, रोहाना, बहेड़ी, आखलोर, रामपुर, मिमलाना और शामली रोड आदि क्षेत्रों को विद्युत आपूर्ति मिल रही है तथा पुरकाजी उपकेंद्र को द्वितीय आपूर्ति स्रोत उपलब्ध हुआ है।
पारेषण क्षेत्र में 132 केवी जौली रोड और मोपा रोड उपकेंद्रों की 8.03 करोड़ रुपये की लागत से क्षमता वृद्धि की गई। पिन्ना क्षेत्र में 5.53 करोड़ रुपये से 2×10 एमवीए का 33/11 केवी उपकेंद्र बनाया गया है। विधानसभा क्षेत्र में 2.63 करोड़ रुपये से चार 33 केवी लाइनों का निर्माण हुआ।
दीनदयाल योजना में 50 नए वितरण ट्रांसफार्मर लगाए गए। वहीं बिजनेस प्लान 2023-24 से 2025-26 तक 52 करोड़ रुपये से 106 नए ट्रांसफार्मर, 178 की क्षमतावृद्धि और 12 नए 11 केवी फीडर बनाए गए। आरडीएसएस के तहत 90.85 करोड़ रुपये से 64 फीडरों पर 741 किमी पुरानी एबीसी केबल बदली गई। वर्तमान बिजनेस प्लान 2026-27 में 7.88 करोड़ रुपये के 111 कार्य जारी हैं, जबकि पार्ट-2 में 19.94 करोड़ रुपये के कार्य प्रस्तावित हैं। इस दौरान मुख्य अभियंता विनोद कुमार गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप आदि मौजूद रहे।






