मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

टाउन हाल मैदान में चल रहा मेला नगर पालिका के सभासद और ईओ के आदेश को मुंह चिढा रहा है। इस मेले ने सभासदों की शिकायत व ईओ के आदेश को ताक पर रख दिया है। स्वतंत्रता दिवस और तीज उत्सव को लेकर लगे मेले में अब लोगों से जमकर लूट हो रही है। मेले में प्रतिभाग करने वाले लोगों से जमकर मोटी रकम वसूली जा रही है। जबकि यह मेला स्वतंत्रता दिवस और तीज उत्सव को लेकर निशुल्क होने की बात कही जा रही थी। टाउन हाल मैदान में लगे इस मेले को अवैध बताया जा रहा था। सभासद राजीव शर्मा, मनोज वर्मा, देवेश कौशिक, कुसुमलता पाल, राखी पंवार, सीमा जैन, रविकांत शर्मा, प्रशांत गौतम, रजत कुमार ने इसकी शिकायत चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप से करते हुए टाउन हाल मैदान की क्षमता को कम और चार दीवारी को जर्जर बताया था। सभासदों ने चेतावनी देते हुए कहा था कि यदि कोई हादसा मेले में बडे बडे झूले व अत्यधिक भीड के कारण होता है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन व नगर पालिका प्रशासन की होगी। इस मेले में एक सत्ताधारी नेता का हाथ बताया जा रहा है। नगर मजिस्ट्रेट से इस मेले की अनुमति होना बताया जा रहा है। वहीं नगर पालिका में शुल्क जमा होना भी बताया जा रहा है। उधर चेयरपर्सन ने इस मेले में कडी नाराजगी जताते हुए ईओ को कार्रवाई के आदेश दिए थे। नगर पालिका ईओ पवन कुमार ने संबंधित ठेकेदार को उक्त मेला हटाने के निर्देश दिए हुए है, लेकिन फिर भी यह मेला चल रहा है। वहीं लोगों से मोटी रकम वसूलकर लूटा जा रहा है। यह मेला निर्धारित मानकों को भी पूरा नहीं कर रहा है, लेकिन एक सत्ताधारी नेता के सहयोग से इस मेला अवैध होने के बावजूद भी चल रहा है। अब देखना है कि इसमें सभासद व नगर पालिका अग्रमी कार्रवाई क्या करता है। वैसे तो बताया जा रहा है कि 22 अगस्त के बाद इस मेले की तिथि को बढाया नहीं जाएगा। अब देखना है कि आगे क्या होगा?







