Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » सीएमओ ने हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर-2 सुजड़ू में कोल्ड चेन व्यवस्था का किया निरीक्षण

सीएमओ ने हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर-2 सुजड़ू में कोल्ड चेन व्यवस्था का किया निरीक्षण

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया द्वारा हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर-2, सुजड़ू का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान केंद्र पर उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता, अभिलेखों के रखरखाव तथा मरीजों को प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान कोल्ड चेन व्यवस्था का विशेष रूप से विस्तृत निरीक्षण किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने वैक्सीन के सुरक्षित भंडारण, निर्धारित तापमान के अनुरूप रखरखाव, कोल्ड चेन उपकरणों की कार्यशीलता तथा तापमान की नियमित निगरानी की स्थिति की जांच की। उन्होंने कोल्ड चेन से संबंधित अभिलेखों एवं तापमान रजिस्टर का भी अवलोकन किया तथा संबंधित स्वास्थ्यकर्मियों से वैक्सीन के रखरखाव एवं प्रबंधन के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने निर्देशित किया कि वैक्सीन की गुणवत्ता एवं प्रभावशीलता बनाए रखने के लिए कोल्ड चेन व्यवस्था निर्धारित मानकों के अनुरूप सुचारू रूप से संचालित की जाए। कोल्ड चेन उपकरणों की नियमित निगरानी एवं रखरखाव सुनिश्चित किया जाए तथा तापमान में किसी भी प्रकार का विचलन होने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि कोल्ड चेन से संबंधित सभी अभिलेखों का नियमित एवं सही तरीके से संधारण किया जाए।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी  ने केंद्र पर उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने केंद्र पर तैनात स्वास्थ्यकर्मियों से विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं एवं संचालित स्वास्थ्य कार्यक्रमों के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा निर्देश दिए कि केंद्र पर आने वाले सभी मरीजों एवं लाभार्थियों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं।

उन्होंने आवश्यक दवाओं की उपलब्धता एवं उनके उचित रखरखाव, केंद्र की साफ-सफाई तथा स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित अभिलेखों के नियमित संधारण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही शासन द्वारा संचालित स्वास्थ्य कार्यक्रमों का लाभ अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने को कहा।

सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया ने कहा कि टीकाकरण कार्यक्रम की सफलता के लिए कोल्ड चेन व्यवस्था का सुचारू एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालन अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए वैक्सीन की सुरक्षा एवं गुणवत्ता को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल