मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

देशभक्ति के जज्बे और किसान हितों की आवाज के साथ गुरुवार को मुजफ्फरनगर की सड़कों पर ट्रैक्टरों का सैलाब नजर आया। भारतीय किसान यूनियन की ओर से आयोजित विशाल ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टरों पर तिरंगा लेकर शामिल हुए। ये यात्रा जनपद के सभी ब्लॉक मुख्यालय पर निकाली गई। जीआईसी मैदान से शुरू हुई यात्रा को भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने रवाना किया। यात्रा के दौरान किसानों ने एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए सरकार से किसान समस्याओं के समाधान की मांग उठाई।


संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर देशभर में आयोजित की जा रही ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा की कड़ी में मुजफ्फरनगर में भी भाकियू ने शक्ति प्रदर्शन किया। जीआईसी मैदान से ट्रैक्टरों का काफिला रवाना हुआ तो शहर की सड़कों पर देशभक्ति का माहौल नजर आया। बड़ी संख्या में ट्रैक्टरों पर राष्ट्रीय ध्वज लगाए गए थे। मुख्यालय पर राकेश टिकैत के साथ किसान तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए और किसान हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। यात्रा को रवाना करने से पहले राकेश टिकैत ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि यह केवल ट्रैक्टरों की रैली नहीं है, बल्कि किसान, खेत और देश के प्रति सम्मान एवं एकजुटता का संदेश है। उन्होंने किसानों से अनुशासन और शांतिपूर्ण तरीके से यात्रा निकालने की अपील की।
ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा के दौरान राकेश टिकैत ने सरकार को किसान समस्याओं को लेकर स्पष्ट संदेश दिया। उन्होंने कहा कि किसान अपने अधिकारों और समस्याओं को लेकर लगातार आवाज उठाते रहेंगे। किसानों की मेहनत से देश की अर्थव्यवस्था और खाद्य व्यवस्था मजबूत होती है, ऐसे में उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए।
मीडिया से बातचीत में भी टिकैत ने किसान मुद्दों पर अपनी बात रखी। यात्रा के दौरान न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी), किसानों की कर्जमाफी और फसल बीमा जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। किसान संगठनों की ओर से लंबे समय से इन मुद्दों को लेकर सरकार से प्रभावी कदम उठाने की मांग की जाती रही है। राकेश टिकैत ने किसानों से ट्रैक्टर और खेती में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों को व्यवस्थित एवं साफ-सुथरा रखने की अपील की। जिलाध्यक्ष नवीन राठी ने युवाओं को खेती और जमीन से जुड़े रहने का संदेश देते हुए कहा कि कृषि केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण आधारशिला है। उन्होंने किसानों से अपनी समस्याओं को लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से उठाने तथा नगर मजिस्ट्रेट को ज्ञापन के माध्यम से अपनी मांगों से अवगत कराने की अपील भी की। ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा के दौरान किसानों ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि वे देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी और सम्मान के साथ-साथ खेती-किसानी से जुड़े सवालों को भी मजबूती से उठाते रहेंगे।






