Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » मूसलाधार बारिश बनी आफत, घर व दुकानों में भरा पानी

मूसलाधार बारिश बनी आफत, घर व दुकानों में भरा पानी

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

करीब 10 घंटे की बारिश से पूरा शहर जलथल और टापू बन गया। शहरी क्षेत्र में ऐसी कोई सड़क और मोहल्ला, गली नहीं बची जहां पर जलभराव न हुआ हो। करीब 130 एमएम की बारिश लोगों के लिए आफत बन गई। शहर के विभिन्न मोहल्लों में घरों के अंदर पानी भर गया। जिस कारण घरों में रखा सामान खराब हो गया। वहीं शहर की विभिन्न मार्किटों में दुकानों के अंदर पानी भर गया। पानी मंडी के सामने कुछ फूल विक्रेताओं का सामान पानी में बह गया। उधर मोहल्ला रामपुरी में गुस्साए लोगों ने जमकर हंगामा करते हुए चेयरपर्सन के खिलाफ नारेबाजी की। बारिश बंद होने पर चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने जलभराव मोहल्लों का निरीक्षण किया और लोगों की समस्याओं को परखा है।


शहरी क्षेत्र में पानी की निकासी के लिए करीब 80 से अधिक नाले है। जिसमें छोटे और बडे नाले शामिल है। इन नालों की सहीं तरह से सफाई नहीं हो पाती है। जिस कारण हर वर्ष बारिश होने पर शहर टापू बन जाता है। वहीं पानी की निकासी के लिए शहर का ड्रेनेज सिस्टम भी सहीं नहीं है। रविवार को रात्रि 12 बजे से मूसलाधार बारिश शुरू हुई। यह बारिश सोमवार सुबह करीब 10 बजे बंद हुई। करीब दस घंटे की बारिश लोगों के लिए आफत बन गई।

शहर के मोहल्ला रामपुरी, जनकपुरी, लद्दावाला, रामलीला टिल्ला, खालापार, आबकारी, किदवईनगर, करीम नगर, मल्लूपुरा आदि मोहल्लों में घरों के अंदर पानी भर गया। स्थानीय लोगों ने बाल्टी, जग आदि से पानी निकालने का प्रयास किया। उधर एसडी मार्किट, पान मंडी, सब्जी मंडी, घास मंडी, दाल मंडी, मोलाहेड़ी मार्किट, कोर्ट रोड, अंसारी रोड, प्रकाश चौक, रेलवे रोड, नई मंडी आदि स्थानों पर काफी जलभराव हुआ। दुकानों के अंदर तक पानी भरने से व्यापारियों को भी नुकसान हुआ है। चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप सभासदों और अधिकारियों के साथ शहर का निरीक्षण करने के लिए सड़क पर उतरी। वह करीब तीन घंटे लोगों के बीच रही। उन्होंने जलभराव मोहल्लों का निरीक्षण करते हुए लोगों की समस्या को परखा और समाधान करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल