Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » सेवा, श्रद्धा और समर्पण के साथ मीनाक्षी स्वरूप ने किया कांवड़ सेवा शिविर का समापन

सेवा, श्रद्धा और समर्पण के साथ मीनाक्षी स्वरूप ने किया कांवड़ सेवा शिविर का समापन

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

सावन के पवित्र महीने में हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ने वाले कांवड़ियों की सेवा को धर्म और आस्था से जोड़कर देखा जाता है। इसी भावना को साकार करते हुए नगरपालिका परिषद मुजफ्फरनगर की ओर से जेएस एनवायरो प्रा. लि. के साथ मिलकर आयोजित किए गए चार दिवसीय कांवड़ सेवा शिविर का सेवा, श्रद्धा और समर्पण के भाव के साथ नगरपालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने समापन किया। शिविर में कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों के लिए भोजन, चिकित्सा और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। समापन अवसर पर सेवा में जुटे चिकित्सा कर्मियों, पालिका अधिकारियों-कर्मचारियों, सफाई मित्रों और सेवादारों को सम्मानित कर उनके योगदान को सराहा गया। यहां मेरठ के कांवड़ियों के समूह द्वारा विशेष गोरिल्ला नृत्य आकर्षण का केन्द्र रहा।


छह अगस्त को नगरपालिका परिषद् के इस पहले कांवड़ सेवा शिविर का शुभारंभ किया गया था। रविवार की शाम इसका समापन हुआ। समापन कार्यक्रम में भगवान शिव की आरती की गई। आरती के बाद शिवभक्त कांवड़ियों को भोजन-प्रसाद वितरित किया गया। विशेष रूप से तैयार की गई मखाने की खीर का प्रसाद भी श्रद्धालुओं को वितरित किया गया। इसके साथ ही कांवड़ियों को फल भी बांटे गए।
पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि सेवा, सहयोग और सामाजिक समरसता का भी बड़ा उदाहरण है। सावन में भगवान शिव के प्रति आस्था लेकर लाखों शिवभक्त कठिन यात्रा करते हैं और रास्ते में मिलने वाली सेवा उनके उत्साह को बढ़ाती है। उन्होंने कांवड़ सेवा शिविर के सफल आयोजन के लिए पालिका परिवार और जेएस एनवायरो सर्विसेज प्रा. लि. कंपनी के बीच रहे समन्वय की प्रशंसा करते हुए कहा कि पालिका परिवार और कंपनी के लोगों ने एकजुट होकर शिवभक्तों की सेवा की, जिससे सेवा ही शिव भक्ति का उद्देश्य सफल हुआ।
समारोह में अधिशासी अधिकारी पवन कुमार, शिविर आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले विकल्प जैन, मनोज वर्मा, देवेश कौशिक तथा जेएस एनवायरो के प्रोजेक्ट हेड नीतेश चौधरी ने कहा कि कांवड़ यात्रा में शिवभक्तों की सेवा करना पुण्य का कार्य है। यात्रा के दौरान गर्मी, बारिश और लंबी दूरी की कठिनाइयों के बीच पैदल चलने वाले कांवड़ियों को भोजन, चिकित्सा और विश्राम जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराना सामाजिक जिम्मेदारी भी है। शिविर में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले चिकित्सा कर्मियों, नगरपालिका अधिकारियों एवं कर्मचारियों, सफाई मित्रों और सेवादारों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह में सेवा कार्य में जुटे लोगों के चेहरों पर संतोष और उत्साह नजर आया। कांवड़ यात्रा के दौरान शिविर की व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में सफाई व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा और भोजन वितरण से जुड़े कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। शिविर में मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज की ओर से चिकित्सकों और चिकित्सा कर्मियों ने भी सेवाएं दीं गई

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल