Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » शामली डीएम आलोक यादव ने किया कांवड मार्ग का निरीक्षण, शिव भक्तों की व्यवस्था को परखा

शामली डीएम आलोक यादव ने किया कांवड मार्ग का निरीक्षण, शिव भक्तों की व्यवस्था को परखा

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

जिलाधिकारी शामली आलोक यादव एवं पुलिस अधीक्षक शामली  एन.पी. सिंह द्वारा जनपद के विभिन्न कांवड़ मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था तथा उपलब्ध कराई गई मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कांवड़ मार्ग पर स्थापित कांवड़ शिविरों, विश्राम स्थलों, चिकित्सा सहायता केन्द्रों, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, डायवर्जन व्यवस्था एवं सुरक्षा प्रबंधों का गहन निरीक्षण किया।

इस दौरान कांवड़ यात्रियों से संवाद स्थापित कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा उपलब्ध कराई जा रही व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। श्रद्धालुओं द्वारा प्रशासन एवं पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई जा रही व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्क एवं मुस्तैद रहते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

अधिकारियों ने निर्देशित किया कि कांवड़ मार्ग पर यातायात का सुचारु संचालन, आपातकालीन सेवाओं की त्वरित उपलब्धता, भीड़ प्रबंधन, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी, सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन के माध्यम से सतत मॉनिटरिंग तथा सोशल मीडिया पर सतर्क दृष्टि बनाए रखी जाए। किसी भी सूचना पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
पुलिस अधीक्षक  एन.पी. सिंह ने कहा कि जनपद शामली पुलिस द्वारा कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। समस्त कांवड़ मार्गों पर निरंतर गश्त, पिकेट ड्यूटी एवं वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा नियमित भ्रमण किया जा रहा है। सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क रहकर कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल