Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » सीएमओ ने मौके पर पहुंच कर परखी व्यवस्था, दिए दिशा निर्देश

सीएमओ ने मौके पर पहुंच कर परखी व्यवस्था, दिए दिशा निर्देश

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी  डॉ. सुनील तेवतिया ने बुधवार को नहर पटरी मार्ग पर स्थित चित्तौड़ा,सराय, सठेड़ी, नावला कोठी तथा खतौली कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी  ने चिकित्सा शिविरों में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, आवश्यक दवाओं, चिकित्सकीय उपकरणों, एंबुलेंस व्यवस्था एवं चिकित्सकों तथा पैरामेडिकल स्टाफ की उपस्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक कांवड़ यात्री को आवश्यकता पड़ने पर तत्काल एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

इसके उपरांत उन्होंने खतौली स्थित कांवड़ कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा समन्वय, निगरानी एवं आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी  डॉ. सुनील तेवतिया ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान स्वास्थ्य विभाग पूरी निष्ठा, सेवा-भाव एवं सतर्कता के साथ कार्य कर रहा है। जनपद में स्थापित सभी कांवड़ चिकित्सा शिविरों पर 24 घंटे चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, आवश्यक दवाएं एवं आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं, ताकि प्रत्येक श्रद्धालु को समय पर बेहतर उपचार मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल