Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » शासन की गाइडलाइन का उल्लंघन करने वाले डीजे पर 50 हजार का जुर्माना

शासन की गाइडलाइन का उल्लंघन करने वाले डीजे पर 50 हजार का जुर्माना

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा शासन की गाइडलाइन का उल्लंघन करने वाले डीजे पर की गई प्रभावी कार्यवाही, ₹50,000 का चालान कर मानकों के अनुरूप किए जाने के उपरांत ही दी गई आगे बढ़ने की अनुमति ।

श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, निर्बाध यातायात व्यवस्था तथा शासन द्वारा निर्धारित मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा जनपद की समस्त सीमाओं एवं कांवड़ मार्गों पर डीजे वाहनों की सघन जांच की जा रही है।

इसी क्रम में “कश्यप डीजे” नामक एक डीजे, जो हरिद्वार से आ रहा था, जनपद मुजफ्फरनगर की सीमा में प्रवेश करने पर पुलिस द्वारा चेक किया गया। जांच के दौरान पाया गया कि उक्त डीजे की लंबाई, चौड़ाई एवं ध्वनि (डेसीबल) स्तर शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं था। साथ ही डीजे के ऊपर कई व्यक्ति बैठे हुए थे, जिससे ऊंचाई अधिक होने के कारण विद्युत लाइनों एवं अन्य अवरोधों से दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी। इसके अतिरिक्त डीजे के कारण यातायात भी प्रभावित हो रहा था।

उक्त गंभीर अनियमितताओं को दृष्टिगत रखते हुए मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा संबंधित डीजे का ₹50,000 का चालान किया गया। इसके उपरांत मौके पर ही डीजे को शासन द्वारा निर्धारित लंबाई, चौड़ाई एवं ध्वनि (डेसीबल) मानकों के अनुरूप कराया गया तथा सुरक्षा मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित होने के बाद ही उसे आगे गंतव्य के लिए रवाना किया गया। मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा पूर्व में सभी डीजे संचालकों को शासन द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन करने हेतु नोटिस प्रदान किए जा चुके हैं, इसके उपरांत भी गाइडलाइन का उल्लंघन करने पर उक्त डीजे संचालक के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

मुजफ्फरनगर पुलिस स्पष्ट करना चाहती है कि जनपद के सभी प्रवेश बार्डरों एवं कांवड़ मार्गों पर डीजे वाहनों की लगातार सघन जांच की जा रही है। जो भी डीजे शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप नहीं पाए जा रहे हैं, उन्हें मौके पर ही निर्धारित मानकों के अनुरूप कराया जा रहा है। किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा गाइडलाइन का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

मुजफ्फरनगर पुलिस सभी शिवभक्त कांवड़ियों एवं डीजे संचालकों से अपील करती है कि शासन द्वारा जारी समस्त दिशा-निर्देशों एवं सुरक्षा मानकों का पूर्णतः पालन करें। सुरक्षित, अनुशासित एवं व्यवस्थित कांवड़ यात्रा के संचालन में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें, जिससे सभी श्रद्धालु सकुशल अपने गंतव्य तक पहुंच सकें तथा यात्रा शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल