मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

कृषि विभाग और अन्य टीमों के द्वारा आए दिन हो रही छापेमारी से परेशान दुकानदारों ने कीटनाशक और बीज की दुकानों को बंद कर कडा विरोध जताया है। शुक्रवार को कोर्ट रोड स्थित कीटनाशक और बीज की सभी दुकानें बंद कर दी गई। कीटनाशक विक्रेता एसोसिएशन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता विकास भवन पहुंचे, लेकिन इस दौरान उन्हें कृषि रक्षा अधिकारी नहीं मिल पाए। सूत्रों का कहना है कि शुक्रवार को भारत सरकार की टीम की रेड थी। जिसकी सूचना मिलने पर दुकानदारों के द्वारा दुकानें बंद की गई है।
शुक्रवार की दोपहर में अचनाक कोर्ट रोड पर स्थित कीटनाशक और बीज की दुकानें बंद होनी शुरू हो गई। कुछ देर में सभी कीटनाशक और बीज की दुकानें बंद हो गई। कुछ दुकानदारों ने जानकारी देते हुए बताया कि आए दिन कृषि विभाग के द्वारा छापेमारी की जा रही है। जबकि छापेमारी का कोई क्राइटेरिया होना चाहिए। छापेमारी के दौरान कुछ कर्मचारियों के द्वारा परेशान किया जाता है। इसके बाद सभी दुकानदार विकास भवन पहुंचे, लेकिन वहां पर उन्हें कृषि रक्षा अधिकारी नहीं मिल पाए।







