Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » नीलकंठ से जल लेकर लौट रही सात माह की गर्भवती कांवड़िया ने जिला महिला चिकित्सालय में जुड़वां बच्चों को दिया जन्म

नीलकंठ से जल लेकर लौट रही सात माह की गर्भवती कांवड़िया ने जिला महिला चिकित्सालय में जुड़वां बच्चों को दिया जन्म

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

दिल्ली निवासी सात माह की गर्भवती महिला कांवड़िया नीलकंठ से जल लेकर अपने गंतव्य की ओर जा रही थी। यात्रा के दौरान अचानक प्रसव पीड़ा होने पर उसे तत्काल जिला महिला चिकित्सालय, मुजफ्फरनगर लाया गया, जहां चिकित्सकों की तत्परता से सुरक्षित प्रसव कराया गया। महिला ने दो स्वस्थ शिशुओं को जन्म दिया।

जच्चा एवं दोनों नवजातों का कुशलक्षेम जानने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया जिला महिला चिकित्सालय पहुंचे। उन्होंने महिला को पुष्पगुच्छ भेंट कर उसके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की शुभकामनाएं दीं तथा चिकित्सकों से उपचार की जानकारी प्राप्त की।

दोनों नवजातों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय देखभाल हेतु एसएनसीयू (Special Newborn Care Unit) में रखा गया है, जहां उनकी निरंतर निगरानी की जा रही है। चिकित्सकों के अनुसार जच्चा एवं दोनों नवजात सुरक्षित हैं तथा उनकी स्थिति संतोषजनक है।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका डॉ. मुरली भास्कर भी उपस्थित रहीं। उन्होंने जच्चा एवं दोनों नवजातों के उपचार की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और चिकित्सकीय टीम को आवश्यक निर्देश दिए।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने बताया कि महिला के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग जच्चा एवं दोनों नवजातों की समुचित देखभाल कर रहा है तथा उन्हें सभी आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। स्वास्थ्य विभाग का पूरा प्रयास है कि जच्चा एवं दोनों नवजात पूर्णतः स्वस्थ होकर शीघ्र अपने परिजनों के साथ घर लौटें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल