Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » विश्व जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा के अंतर्गत एएनएम प्रशिक्षण केंद्र कूकड़ा से निकाली गई जागरूकता रैली

विश्व जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा के अंतर्गत एएनएम प्रशिक्षण केंद्र कूकड़ा से निकाली गई जागरूकता रैली

 

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

विश्व जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा (11 से 24 जुलाई 2026) के अंतर्गत आज जनपद मुजफ्फरनगर में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया के नेतृत्व एवं अध्यक्षता में एएनएम प्रशिक्षण केंद्र, कूकड़ा से जनजागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य जनसामान्य को परिवार नियोजन, जनसंख्या स्थिरता, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा छोटे एवं सुखी परिवार के महत्व के प्रति जागरूक करना था।

रैली का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जनसंख्या स्थिरता स्वस्थ एवं समृद्ध समाज के निर्माण की आधारशिला है। परिवार नियोजन अपनाने से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार होता है तथा परिवार की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति भी सुदृढ़ होती है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे विश्व जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा के दौरान अधिक से अधिक पात्र दंपत्तियों तक पहुंचकर परिवार नियोजन के स्थायी एवं अस्थायी साधनों की जानकारी दें और उन्हें उपलब्ध सरकारी सेवाओं का लाभ दिलाएं।

रैली के दौरान प्रतिभागियों ने जनसंख्या स्थिरता एवं परिवार नियोजन से संबंधित जागरूकता नारों के माध्यम से आमजन को “छोटा परिवार, सुखी परिवार” तथा “स्वस्थ परिवार, समृद्ध समाज” का संदेश दिया। साथ ही परिवार नियोजन संबंधी उपलब्ध निःशुल्क सेवाओं एवं सुविधाओं के बारे में भी लोगों को जागरूक किया गया।

इस अवसर पर परिवार कल्याण कार्यक्रम की नोडल अधिकारी डॉ. दिव्या वर्मा, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डॉ. गीतांजलि वर्मा, अपर शोध अधिकारी श्री आनंद कुमार, जिला परिवार कल्याण एवं लॉजिस्टिक्स प्रबंधक डॉ. दिव्यांक दत्त, PSI संस्था की जिला प्रतिनिधि सुश्री भारती रावत, एएनएम प्रशिक्षण केंद्र, कूकड़ा की प्रधानाचार्या श्रीमती सरिता , श्रीमती सोनी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं एएनएम प्रशिक्षणार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

विश्व जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा के दौरान जनपद के समस्त स्वास्थ्य संस्थानों पर परिवार नियोजन संबंधी विशेष जागरूकता गतिविधियां एवं सेवाएं संचालित की जाएंगी। स्वास्थ्य विभाग ने जनपदवासियों से परिवार नियोजन सेवाओं का लाभ उठाकर स्वस्थ एवं समृद्ध परिवार के निर्माण में सहभागी बनने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल