मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

स्मार्ट सिटी की ओर कदम बढाते हुए जिला प्रशासन ने शहर के तीन मोहल्लों में जलभराव की समस्या का समाधान करने के लिए पहल की है। शहर के उत्तरी रामपुरी, दक्षिणी रामपुरी और शाहबुद्दीनपुर रोड क्षेत्र में वर्षों से बनी जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। जलभराव के स्थाई समाधान के लिए एडीएम प्रशासन ने चार अधिकारियों की समिति बनाते हुए कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए है।
शहर के रूडकी रोड से शाहबुद्दीनपुर रोड होते हुए काली नदी तक बड़े नाले के निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। इस योजना के लागू होने से बरसात के दौरान होने वाले जलभराव से हजारों लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। प्रदेश सरकार के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल द्वारा उठाए गए मुद्दे को लेकर तैयारियां शुरू की गई है। संबंधित विभागों से रिपोर्ट लेने के उपरांत जिलाधिकारी ने कार्ययोजना तैयार करने के लिए अधिकारियों की एक समिति गठित करने के निर्देश दिए। एडीएम प्रशासन संजय कुमार सिंह ने अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, अधिशासी अभियंता जल निगम (निर्माण इकाई), अधिशासी अधिकारी नगर पालिका मुजफ्फरनगर तथा सहायक अभियंता (सिविल) नगर पालिका की समिति बनाई है। समिति प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण करेगी और तकनीकी मानकों के अनुरूप विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करेगी। साथ ही निर्माण कार्य की अनुमानित लागत का आकलन कर एक सप्ताह के भीतर अपनी रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंपेगी। एडीएम प्रशासन संजय कुमार सिंह ने बताया कि रिपोर्ट मिलने के बाद शासन स्तर पर प्रस्ताव भेजकर आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त की जाएंगी। इसके बाद नाले के निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इस पहल से शहर के जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में जल निकासी व्यवस्था मजबूत होगी और बरसात के मौसम में लोगों को होने वाली परेशानियों से स्थायी राहत भी मिलेगी।






