मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

शहर के मीनाक्षी चौक के समीप खालापार को जा रही सड़क फिर से तीसरी नीचे धंस गई है। सड़क में बडा से गहरा गड्ढा हो गया है। बारिश होने के कारण यहां पर ट्रैफिक कम था, जिस कारण कोई बडी दुर्घटना नहीं हो पायी है। नगर पालिका की इसमें बडी लापरवाही सामने आयी है। नगर पालिका के द्वारा यहां पर गुणवत्ता पूर्ण कार्य नहीं कराया गया है। जिस कारण पिछले छह माह में तीसरी बार यह सड़क नीचे जमीन में धसी है।
मीनाक्षी चौक से मोहल्ला खालापार को जा रही मुख्य सड़क में नीचे सीवर लाइन डली हुई है। सीवर लाइन के कारण यह सड़क नीचे से खोखली हो गई है। पिछले छह माह में यह सड़क तीन बार नीचे धंस चुकी है। बुधवार को बारिश के बीच अचनाक यह सड़क नीचे जमीन में धंस गई। आस पास के लोग यह देख अलर्ट हो गए। उन्होंने वहां से गुजर रहे वाहन स्वामियो और अन्य लोगों को सतर्क कर दिया। इस बीच इसकी सूचना नगर पालिका को दी गई। नगर पालिका के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और उक्त स्थान की बैरिकेटिंग की। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पालिका के द्वारा यहां पर अच्छी गुणवत्ता से कार्य नहीं कराया गया है। जिस कारण यह सड़क बार-बार नीचे धंस रही है।






