Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » शहर में बिजली पानी को लेकर मची त्राहि-त्राहि

शहर में बिजली पानी को लेकर मची त्राहि-त्राहि

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

भीषण गर्मी में बिजली और पानी को लेकर शहरी क्षेत्र में चौतरफा हाहाकार मच गया। तापमान बढने के कारण बिजली व्यवस्था फेल हो गई। रात्रि में पूरे जनपद की बिजली आपूर्ति करीब सात से आठ घंटे प्रभावित रही है। ऐसे में उपभोक्ता बिलबिला उठे। बिजली सप्लाई के लिए रात भर उपभोक्ता बिजलीघर, जेई और एसडीओ आदि अधिकारियों के फोन मिलाते रहे। उधर शुक्रवार की सुबह में भी आधे शहर की बिजली आपूर्ति ठप रही। नई मंडी क्षेत्र में सुबह से लेकर शाम तक बिजली व्यवस्था चौपट रही है। ऐसे में पानी की सप्लाई भी प्रभावित रही है।
लगातार बढ रहे तापमान के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। पिछले दो दिनों में जनपद में करीब 200 मेगावॉट बिजली की डिमांड बढी है। बिजली की बढी डिमांड को पूरा करने के लिए पावर कारपोरेशन का सिस्टम फेल हो गया है। गुरुवार की रात्रि में करीब सात से आठ घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही है। रोहाना बिजलीघर से सप्लाई को लेकर काफी बुरा हाल रहा है। इस बिजलीघर से पिछले चार दिनों से रात्रि में हर दस मिनट बाद बिजली कटौती हो रही है। गुरुवार की रात्रि में रोहाना बिजलीघर से करीब छह घंटे बिजली आपूर्ति प्रभावित रही है। उधर शहरी क्षेत्र में भी अघोषित बिजली कटौती का बोलबाला रहा है। शामली रोड, मिमलाना रोड, रूडकी रोड, महावीर चौक, नुमाईश मैदान, सुजडू, टाउन हाल रोड, टीपी नगर, गांधी कालोनी, मंडी समिति आदि बिजलीघरों से रात्रि में जमकर बिजली कटौती हुई है। शुक्रवार की सुबह में भी बिजली सप्लाई सामान्य नहीं रही है। नई मंडी क्षेत्र में सुबह से लेकर शाम तक बिजली आपूर्ति ठप रही है। ऐसे में लोग पानी की बूंद बूंद को भी तरस गए है। नगर पालिका की पानी सप्लाई की व्यवस्था भी काफी खराब रही है।

दो बार टूटा बिजली का तार
मुजफ्फरनगर। भोपा रोड स्थित एक फैक्ट्री के बीच दो बार बिजली का तार टूटा है। बताया जाता है कि यहां पर फैक्ट्री का पानी भरा होने के कारण दलदल जैसी स्थिति रही है। इस दौरान कर्मचारियों को दो बार तार जोडने के लिए काफी जोखिम उठाना पडा है। इस तार के टूटने से गांधी कालोनी, नुमाईश मैदान, जिला अस्पताल, रूडकी रोड आदि बिजलीघरों की सप्लाई बंद रही है। नई मंडी क्षेत्र में आपूर्ति ठप होने के कारण पूरे दिन हाहाकार मचा रहा है।

 टूटे पांच बिजली के पोल
मुजफ्फरनगर। रूडकी रोड पर तेज हवा के कारण एक डबल पोल और पांच बिजली के पोल टूट गए है। जिस कारण रूडकी रोड क्षेत्र के विभिन्न मोहल्लों में कई घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही है। विभागीय अधिकारियों के द्वारा उक्त स्थानों पर दूसरे पोल लगवाए जा रहे है।

मुख्य अभियंता ने बताया
नई मंडी क्षेत्र में भोपा रोड पर एक फैक्ट्री के पीछे दो बार बिजली का तार टूटा है। यहां पर पानी भरा होने के कारण दलदल जैसी स्थिति रही है। ऐसे में तार जोडने के लिए कर्मचारियों को काफी जोखिम उठाना पडा है। रूडकी रोड पर तेज हवा के कारण डबल पोल और पांच बिजली के पोल टूटे है। जिस कारण सप्लाई प्रभावित रही है। इसके अलावा पेडों की कटिंग होने के कारण भी शटडाउन रहा है।
विनोद कुमार, मुख्य अभियंता

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल