Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » सीएमओ ने किया निरीक्षण, स्ट्रेचर एवं व्हीलचेयर की पर्याप्त उपलब्धता के दिए निर्देश

सीएमओ ने किया निरीक्षण, स्ट्रेचर एवं व्हीलचेयर की पर्याप्त उपलब्धता के दिए निर्देश

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया द्वारा आज जिला चिकित्सालय का गहन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिकित्सालय की व्यवस्थाओं, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का विस्तृत जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अस्पताल में स्ट्रेचर एवं व्हीलचेयर की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि मरीजों की सुविधा हेतु इनकी पर्याप्त संख्या हर समय उपलब्ध रहनी चाहिए। किसी भी मरीज अथवा तीमारदार को व्हीलचेयर या स्ट्रेचर के अभाव में परेशानी का सामना न करना पड़े, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बताया कि हाल ही में व्हीलचेयर की उपलब्धता को लेकर प्राप्त शिकायतों एवं समाचारों का संज्ञान लेते हुए उनके द्वारा एक जांच समिति का गठन किया जा चुका है, जो पूरे प्रकरण की जांच कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी तथा आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जिला चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय वर्मा एनेस्थीसिया विशेषज्ञ हैं तथा ऑपरेशन थिएटर में महत्वपूर्ण चिकित्सकीय सेवाएं प्रदान करते हैं। उनके ऑपरेशन थिएटर में व्यस्त रहने के दौरान चिकित्सालय के प्रशासनिक कार्यों में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो तथा व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित होती रहें, इसके लिए अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कुमार को प्रशासनिक सहयोग हेतु नामित किया गया है। उन्होंने निर्देश दिए कि आवश्यकता पड़ने पर डॉ. अशोक कुमार जिला चिकित्सालय के प्रशासनिक कार्यों के समन्वय, निगरानी एवं संचालन में सहयोग प्रदान करेंगे।

डॉ. सुनील तेवतिया ने कहा कि मरीजों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए समय-समय पर निरीक्षण, समीक्षा एवं आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाते रहेंगे, ताकि जनपदवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल