मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

अपर जिलाधिकारी ( वित्त एवं राजस्व) गजेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभागार में आगामी जनगणना 2027 के सफल आयोजन हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जनजागरूकता से संबंधित बैठक आयोजित की गई।


बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों ने भाग लिया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी ( वित्त एवं राजस्व) द्वारा निर्देशित किया गया कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम की सफलता के लिए जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए विभिन्न माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि प्रत्येक नागरिक को जनगणना के महत्व, प्रक्रिया एवं समय-सीमा की समुचित जानकारी प्राप्त हो सके।
उन्होंने निर्देश दिए कि—
शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता अभियान चलाया जाए।
विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं सामुदायिक केंद्रों के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।
स्थानीय स्तर पर रैलियां, पोस्टर, बैनर एवं पंपलेट्स के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया जाए।
सोशल मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा बहुओं एवं ग्राम सचिवों को भी इस अभियान में सक्रिय रूप से जोड़ा जाए।
बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि जनगणना कार्य में लगे कार्मिकों को समय से प्रशिक्षण प्रदान किया जाए तथा उन्हें आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं। साथ ही, जनगणना के दौरान किसी प्रकार की भ्रांतियों या अफवाहों को रोकने हेतु त्वरित सूचना एवं स्पष्टीकरण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
अपर जिलाधिकारी ( वित्त एवं राजस्व) ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे आपसी समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित समय-सीमा में सभी तैयारियां पूर्ण करें तथा जनगणना 2027 को सफल बनाने में अपना पूर्ण योगदान दें।
इस अवसर पर जिला प्रभारी, जनगणना कार्य निदेशालय, उत्तर प्रदेश श्री गौरव गुंजन सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।





