मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

भोकरहेडी के इंटर कॉलेज में डिजिटल जनगणना कार्यक्रम के अंतर्गत एक जागरूकता एवं प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रवक्ता श्री नवनीत पांडे, जो फील्ड ट्रेनर, सुपरवाइजर एवं प्रगणक के रूप में प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं, के द्वारा छात्र-छात्राओं को जनगणना की प्रक्रिया, महत्व एवं आधुनिक डिजिटल प्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी गयी।


कार्यक्रम के दौरान नवीन पांडे ने बताया कि जनगणना देश के विकास की आधारशिला होती है, जिसके माध्यम से सरकार को जनसंख्या, शिक्षा, रोजगार, आवास एवं अन्य महत्वपूर्ण आंकड़ों की सटीक जानकारी प्राप्त होती है। उन्होंने डिजिटल जनगणना की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अब डेटा संग्रहण का कार्य मोबाइल ऐप एवं ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा, जिससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, तेज और त्रुटिरहित बनेगी।
उन्होंने विद्यार्थियों को जनगणना में नागरिकों की भूमिका के बारे में भी जागरूक करते हुए बताया कि सही और सटीक जानकारी देना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। साथ ही उन्होंने यह भी समझाया कि डिजिटल तकनीक के उपयोग से समय की बचत होगी और डेटा का सुरक्षित संग्रहण संभव होगा।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे, जिनका श्री नवीन पांडे ने सरल भाषा में उत्तर दिया। विद्यालय प्रशासन ने इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन करने की आवश्यकता पर बल दिया।
इस कार्यक्रम ने छात्रों में जनगणना के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ डिजिटल भारत के प्रति उनकी समझ को भी सुदृढ़ किया।
इसके अतिरिक्त एस.डी. कन्या इंटर कॉलेज झांसी की रानी मुज़फ्फ़रनगर में भी ʺजनगणना 2027ʺ कार्यक्रम के अंतर्गत *लघु नाटक एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन कराया गया।





