Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » एसडीएम सदर ने नामित सभासदों को कराई शपथ ग्रहण

एसडीएम सदर ने नामित सभासदों को कराई शपथ ग्रहण

मुजफ्फरनगर। हिंदुस्तान सिटी न्यूज

भारतीय जनता पार्टी के कोटे से राज्यपाल द्वारा नगरपालिका परिषद् के नामित पांच सभासदों को सोमवार को भव्य समारोह के बीच पद एवं दायित्व की शपथ ग्रहण कराई गई। इस दौरान मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार में कौशल विकास विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि पार्टी द्वारा आपका चयन विशेष है, ऐसे में जिम्मेदारी भी आपकी बड़ी है, पार्टी को बड़ा बनाने के साथ ही आप जिस सदन में भेजे गये हैं, उस सदन में जनता के हितों को लेकर आवाज को उठाने का काम करे, पूरे नगर का विकास करने में सहभागिता निभायें और जन कल्याण के भाव के साथ काम करें।


बता दें कि 16 मार्च को राज्यपाल द्वारा भाजपा कार्यकर्ता रवि पाराशर, अभिजीत गंभीर, अमन तोमर, सचिन सैनी और अमित कुमार उर्फ बाॅबी को नगरपालिका परिषद् में सभासद नामित किया गया था। सोमवार को इन सभासदों को पद एवं दायित्व के लिए शपथ ग्रहण कराई गई, इसके लिए नगरपालिका सभाकक्ष में भव्य समारोह का आयोजन किया गया, इसमें मुख्य अतिथि के रूप में मंत्री कपिल देव अग्रवाल और विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष डाॅ. सुधीर सैनी मौजूद रहे। समारोह की अध्यक्षता नगरपालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप और संचालन भाजपा जिला महामंत्री संजय गर्ग द्वारा किया गया। ईओ डाॅ. प्रज्ञा सिंह ने नामित सभासदों का समारोह में उपस्थित निर्वाचित सभासदों एव अन्य अतिथियों व गणमान्य लोगों से परिचय कराया। इसके उपरांत प्रशासनिक व्यवस्था के अनुसार एसडीएम सदर प्रवीण कुमार द्विवेदी ने पांचों नामित सभासदों को पद की शपथ ग्रहण कराई। मंत्री कपिल देव और पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप सहित पूर्ण सदन ने नये सदस्यों का अभिनंदन किया।


मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि मुझे पूर्ण विश्वास है कि आप सभी जनप्रतिनिधि जनसेवा के संकल्प के साथ अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए नगर के विकास, स्वच्छता, सुशासन एवं जनकल्याण के कार्यों को नई दिशा देंगे तथा आप सभी अपने दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर जनता की अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे। उन्होंने सदन में जनता की आवाज बनकर समस्याओं को उठाने और निस्तारण कराने की प्रेरणा भी नामित सभासदों को दी। पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि यूपी की इस सबसे बड़ी पालिका का परिवार भी अब और बड़ा हो गया है, इस परिवार में पांच नये सदस्यों के जुड़ने से हम सभी हर्षित हैं और अब सदन में भाजपा का खेमा और मजबूत हुआ है, हम सभी मिलकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनकल्याण के विजन और आत्मनिर्भर भारत के मिशन को सफल बनाने के लिए काम करेंगे। भाजपा जिलाध्यक्ष डाॅ. सुधीर सैनी ने भी सभी को बधाई दी और संगठन को मजबूत बनाने के लिए भाजपा की नीतियों और काम को जनता तक पहुंचाने का आह्नवान किया।
यहां पर मुख्य रूप से पूर्व विधायक अशोक कंसल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष आंचल तोमर, भाजपा के क्षेत्रीय महामंत्री डाॅ. पुरुषोत्तम, जिला महामंत्री शरद शर्मा, सुनील दर्शन, विशाल गर्ग, श्वेता कौशिक, सतपाल सिंह मान, पंकज माहेश्वरी, प्रवीण खेड़ा, श्याम सिंह सैनी, सभासद राजीव शर्मा, मनोज वर्मा, देवेश कौशिक, शौकत अंसारी, अन्नु कुरैशी, हिमांशु कौशिक, रजत धीमान, रितु त्यागी, ममता बालियान, मोहित मलिक, प्रशांत गौतम, नवनीत गुप्ता, प्रियांक गुप्ता, अनुज प्रजापति, योगेश मित्तल, रविकांत शर्मा, अमित पटपटिया सहित पालिका के कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल