मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज
जनपद मुजफ्फरनगर में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से हिस्ट्रीशीटरों के सत्यापन हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक के नेतृत्व में ग्रामीण क्षेत्र के समस्त थानों पर पंजीकृत हिस्ट्रीशीटरों को थानों पर बुलाकर उनका सत्यापन कराया गया। सत्यापन के दौरान संबंधित व्यक्तियों की वर्तमान गतिविधियों, निवास स्थान, आपराधिक प्रवृत्तियों एवं उनके आचरण के संबंध में गहन जानकारी प्राप्त की गई।
सत्यापन के दौरान सभी हिस्ट्रीशीटरों को सख्त निर्देश दिए गए कि वे किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में संलिप्त न हों तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। साथ ही उन्हें चेतावनी दी गई कि यदि भविष्य में किसी भी प्रकार के अपराध में संलिप्तता पाई जाती है तो उनके विरुद्ध कठोर विधिक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
इस अभियान के अंतर्गत समस्त क्षेत्राधिकारीगण, थाना प्रभारीगण एवं पुलिस बल सक्रिय रूप से संलग्न रहे। अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी भी बढ़ाई गई तथा आवश्यकतानुसार कार्यवाही सुनिश्चित की गई।







