मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

वित्तीय वर्ष खत्म होने में मात्र एक दिन शेष रह गया है। नगर पालिका के द्वारा वित्तीय वर्ष के अंतिम दिन करीब छह से सात करोड का भुगतान ठेकेदारों को किया जाएगा। यदि नगर पालिका के द्वारा भुगतान नहीं किया गया तो उक्त पैसा लैप्स हो जाएगा। नगर पालिका ने भुगतान करने के लिए लगभग सभी पत्रावलिया तैयार कर ली है। उध नगर पालिका प्रशासन शासन स्तर से निर्धारित करीब 13.80 करोड के टैक्स वसूली के लक्ष्य को पूर्ण नहीं कर पायी है।
शहरी क्षेत्र में नगर पालिका के द्वारा करोडों रुपए के निर्माण कार्य इस वर्ष में कराए गए है। अभी तक नगर पालिका के द्वारा उक्त निर्माण कार्यों का भुगतान नहीं किया गया है। जिस कारण ठेकेदार परेशान है। अब वित्तीय वर्ष खत्म होने में मात्र एक दिन शेष रह गया है। नगर पालिका अंतिम दिन करीब छह से सात करोड का भुगतान ठेकेदारों को करने जा रही है। इसके लिए पत्रावलियां तैयार की गई है। कुछ पत्रावलियों पर चेयरपर्सन और ईओ के हस्ताक्षर भी हो गए है। उधर शासन स्तर से नगर पालिका को 31 मार्च 2026 तक 13.80 करोड रुपए का टैक्स वसूली करने का लक्ष्य दिया गया है। नगर पालिका इसके सापेक्ष अभी तक करीब 8.44 करोड से अधिक की वसूली कर पायी है। नगर पालिका हाउस टैक्स में निर्धारित लक्ष्य 4.43 करोड के सापेक्ष करीब 2.72 लाख रुपए वसूल पायी है। वाटर टैक्स में निर्धारित लक्ष्य 4.43 करोड के सापेक्ष करीब 2.65 करोड रुपए वसूल पायी है। वहीं जलमूल्य में निर्धारित लक्ष्य 2.37 करोड के सापेक्ष करीब 97.33 लाख रुपए वसूल पायी है। उधर नगर पालिका ने किराया शुल्क 45.99 लाख, लाइसेंस शुल्क 52.67 लाख वसूला है। पिछले साल नगर पालिका ने लक्ष्य से अधिक करीब 7.79 करोड की राजस्व वसूली की थी। इस बार नगर पालिका निर्धारित लक्ष्य से काफी दूर है। जिस कारण ईओ ने राजस्व निरीक्षकों के वेतन पर रोक लगाई हुई है।







