मुजफ्फरनगर। हिंदुस्तान सिटी न्यूज


वैश्य अग्रवाल राजवंश सभा एवं व्यापारियों की आवाज व्यापार मंडल, मुजफ्फरनगर के तत्वावधान में नवरात्रि के पावन अवसर पर लक्ष्मण विहार स्थित राजवंशी सभा भवन में मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अनीता राजवंशी एवं राजेंद्र प्रसाद गर्ग द्वारा संयुक्त रूप से की गई तथा संचालन शलभ गुप्ता (महामंत्री) एवं गुंजन गर्ग द्वारा किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप एवं पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में क्षेत्राधिकारी नई मण्डी राजू कुमार साव, थाना प्रभारी नई मण्डी बृजेश शर्मा एवं महिला थाना प्रभारी संगीता डागर उपस्थित रहे।


कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ द्वारा मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण) के उद्देश्यों पर विशेष रूप से प्रकाश डालते हुए नवरात्रि सप्ताह के अवसर पर महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने उपस्थित महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा से जुड़े कानूनों एवं विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में जागरूक करते हुए बताया कि किसी भी प्रकार की समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में महिलाएं निःसंकोच पुलिस से संपर्क करें। पुलिस अधीक्षक अपराध महोदया द्वारा यह भी बताया गया कि मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत पुलिस द्वारा निरंतर जनजागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, जिससे महिलाओं एवं बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़े और वे अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें। उन्होंने सभी उपस्थित महिलाओं से अपील की कि वे स्वयं जागरूक बनें तथा अपने आसपास की अन्य महिलाओं/बालिकाओं को भी जागरूक करें। कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप द्वारा भी महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनने हेतु प्रेरित किया गया तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने के लिए जागरूक किया गया। अंत में कार्यक्रम में उपस्थित सभी महिलाओं द्वारा मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण) एवं नवरात्रि सप्ताह के अंतर्गत चलाए जा रहे इस प्रकार के जागरूकता अभियानों की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया गया।






