मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

दो सभासदों ने अवैध रूप से नगर पालिका की भूमि पर कब्जा कर लिया। शिकायत होने पर नगर पालिका प्रशासन जागा और कार्रवाई शुरू की। नगर पालिका के निर्माण विभाग के अधिकारियों ने एक सभासद से भूमि को कब्जा मुक्त करा लिया। वहीं दूसरे प्रकरण में कार्रवाई के लिए समिति बनाने की तैयारी की जा रही है।
नगर पालिका में फर्जी साइन, फर्जी एमडीआर, फर्जी सर्टिफिकेट आदि के मामलों के बाद अब भूमि पर कब्जा करने का मामला प्रकाश में आया है। शहर के वार्ड संख्या 27 में मीनाक्षी चौक के पास पालिका के क्वार्टर है। यहां पर नगर पालिका की भूमि पडी है। इसी भूमि पर एक सभासद ने अपना कब्जा स्थापित करने के लिए दरवाजा लगाकर ताला लगा दिया। उक्त भूमि नगरपालिका की संपित्त बताई जा रही है। शिकायत होने पर ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह ने संज्ञान लिया। जांच कराई गई तो भूमि पर सभासद का कब्जा पाया गया। चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप के आदेश पर ईओ ने टीम को भेजकर सभासद के द्वारा लगाए गए ताले को तोडकर पालिका का ताला लगाया गया। उधर रुड़की रोड पर पुलिस चौकी के पास भी एक सभासद के द्वारा पालिका की भूमि पर कब्जा कर कार्यालय बना दिया गया। जबकि पालिका के दस्तावेजों में यहां पर सामुदायिक शौचालय बताया जा रहा है। उक्त सभासद ने इस भूमि को अपना बताया है। मामला पेचीदा होने पर ईओ के आदेश पर संपत्ति विभाग ने इसमें कानूनी सलाह ली। एई निर्माण नैपाल सिंह ने बताया कि मीनाक्षी चौक के समीप भूमि से सभासद का कब्जा हटवा दिया गया है। रूडकी रोड स्थिति भूमि पर कार्रवाई के लिए समिति बनाई जा रही है।







