मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

शहरी क्षेत्र में चल रही करीब 1240 दूध डेयरियों पर नगर पालिका शिकंजा कसने जा रही है। घनी आबादी के बीच चल रही दूध डेयरियों से प्रदूषण और स्वास्थ्य संबंधी समस्याए हो रही है। वहीं इन डेयरियों से गोबर नालियों में बहाया जा रहा है। जिस कारण नाली और नाले चॉक हो रहे है। इस संबंध में एडीएम प्रशासन संजय सिंह ने नगर पालिका को दूध डेयरियों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए है।
नगर पालिका के पूर्व स्वास्थ्य अधिकारी डा. अतुल कुमार के द्वारा शहर के 55 वार्डों का निरीक्षण किया गया था। इन 55 वार्डों में करीब 1240 दूध डेयरियां संचालित है। इन डेयरियों से गोबर नालियों में बहाया जा रहा है। जिस कारण नाली और नाले चॉक हो रहे है। इस वजह से पानी की निकासी लगातार प्रभावित बनी हुई है। वहीं बारिश होने पर शहर टापू बन जाता है। शुक्रवार को राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल और अधिकारियों ने निरीक्षण करते हुए दो डेयरियों को पकडा था, जिन से गोबर सीधे नाली में बहाया जा रहा था। नगर पालिका ने दोनों डेयरियों का चालान किया है। पूर्व में नगर पालिका के द्वारा दूध डेयरियों पर कार्रवाई की गई है। करीब 94 दूध डेयरियों को नोटिस जारी किया गया था। वहीं मोहल्ला मल्हूपुरा से दो डेयरियों से भैंसों को जब्त किया गया था। वहीं दस हजार रुपए का जुर्माना भी वसूला गया था। जबकि नियम यह है कि दूध डेयरियां शहर में घनी आबादी के बीच नहीं होनी चाहिए, लेकिन शहर में अधिकांश डेयरियों घनी आबादी के बीच चल रही है।

एडीएम प्रशासन ने बताया
नालियों में गोबर बहाने वाली दूध डेयरियों को चिन्हित करते हुए कार्रवाई करने के नगर पालिका को निर्देश दिए गए है। इस संबंध में नगर पालिका प्रशासन से रिपोर्ट भी मांगी गई है। नालों की सफाई कराने के भी निर्देश दिए गए है।
संजय सिंह, एडीएम प्रशासन






