Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » दो घंटे की मूसलाधार बारिश से शहर हुआ जलथल, घर व दुकानों में भरा नालों का गंदा पानी

दो घंटे की मूसलाधार बारिश से शहर हुआ जलथल, घर व दुकानों में भरा नालों का गंदा पानी

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

बुधवार की दोपहर में हुई मूसलाधार बारिश से लोगों को गर्मी और भारी उमस से राहत तो मिली, लेकिन बारिश के बाद शहर में हुए जलभराव से लोग परेशान हो गए। दो घंटे की बारिश ने नगर पालिका के नाला सफाई की पोल को खोल दिया। शहरी क्षेत्र के करीब 82 नालों से पानी की निकासी नहीं हो पायी। जिस कारण पूरा शहर जलमगन हो गया। बारिश रूकने के दो घंटे बाद तक भी शहर टापू बना रहा। नाले का गंदा पानी दुकानों और घरों में घुस गया। शिव चौक स्थित एसडी मार्किट के दुकानदारों ने जलभराव के कारण अपनी दुकानें भी बंद कर दी। मोहल्ला रामपुरी, जनकपुरी, शाहबुद्दीनपुर रोड, आबकारी, किदवईनगर, मल्हूपुरा आदि मोहल्लों में घरों में पानी भर गया। इस दौरान लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पडा।
पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और उमस के कारण लोगों का बुरा हाल बना हुआ था। बुधवार की दोपहर बाद अचानक मौसम में परिवर्तन हो गया। आकाश में छाए काले बदरा जमकर बरसे। करीब दो घंटे की बारिश में पूरा शहर टापू बन गया। शिव चौक, मीनाक्षी चौक, घास मंडी, प्रकाश चौक, कोर्ट रोड, गांधी कालोनी, पचेंडा रोड, आदर्श कालोनी, आबकारी मोहल्ला, जनकपुरी, रामपुरी, एकता विहार, मिमलाना रोड, चुंगी नम्बर दो, हनुमानपुरी, किदवईनगर, खालापार, नई मंडी, पटेल नगर, केशवपुरी, लक्ष्मण विहार, कच्ची सड़क, आंनदपुरी, केवलपुरी, जसवंत कालोनी, साकेत कालोनी आदि मोहल्लों में जलभराव हो गया। बारिश रूकने के दो घंटे बाद तक भी शहर पानी में डूबा रहा। वहीं बझेडी अंडरपास पर पानी भरने के कारण कांवडियों को परेशानियों का सामना करना पडा। वहीं जलभराव में फंसकर काफी वाहन खराब हो गए, जो चालू नहीं हो पाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल