मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गुरुवार को खालापार स्थित एमके हॉस्पिटल में औचक छापेमारी की। उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. महक सिंह के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान अस्पताल में संचालित विभिन्न चिकित्सा सेवाओं एवं दस्तावेजों की जांच की गई।

जांच के दौरान अस्पताल में एक्स-रे सेंटर बिना आवश्यक पंजीकरण के संचालित पाया गया। टीम ने मौके पर उपलब्ध अभिलेखों और व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के बाद एक्स-रे सेंटर को तत्काल सील कर दिया।
इसी दौरान अस्पताल परिसर में संचालित स्किन प्रोसीजर रूम की भी जांच की गई। यहां एक महिला चिकित्सक द्वारा स्किन संबंधी चिकित्सा प्रक्रियाएं किए जाने की जानकारी सामने आई, लेकिन संबंधित चिकित्सक का आवश्यक पंजीकरण उपलब्ध नहीं पाया गया। इस पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने स्किन प्रोसीजर रूम को भी सील कर दिया।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से अस्पताल प्रबंधन को दोनों मामलों में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्पष्टीकरण की जांच के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। यदि जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया तो संबंधित अस्पताल प्रबंधन एवं जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से बिना पंजीकरण अथवा निर्धारित मानकों के विपरीत चिकित्सा सेवाएं संचालित करने वाले संस्थानों में हड़कंप की स्थिति रही। विभाग ने स्पष्ट किया कि मरीजों की सुरक्षा और चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जनपद में निरीक्षण एवं जांच की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।






