Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » छह लाख तक के ऋण पर किसानों को मिलेगा छह प्रतिशत ब्याज अनुदान

छह लाख तक के ऋण पर किसानों को मिलेगा छह प्रतिशत ब्याज अनुदान

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ से मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना एवं भारत टैक्सी सेवा का शुभारंभ किया। इसके तहत जनपद मुजफ्फरनगर में भी विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर योजना का प्रसारण किया गया। तहसील सदर स्थित कृषक मीटिंग हॉल, नई मंडी में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, सहकारी समितियों के प्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत किसानों को आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। योजना के माध्यम से उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड (एलजीबी) के माध्यम से पात्र किसानों को कृषि एवं कृषि आधारित गतिविधियों के लिए ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। किसानों को छह लाख रुपये तक के दीर्घकालीन ऋण पर छह प्रतिशत ब्याज दर का लाभ मिलेगा। इसका उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाने के साथ कृषि क्षेत्र में आवश्यक निवेश को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में बताया गया कि योजना के तहत पात्र किसानों को ऋण की किस्त समय से जमा करने पर राज्य सरकार की ओर से ब्याज अनुदान का लाभ भी दिया जाएगा। कृषि के साथ-साथ कृषि आधारित अन्य गतिविधियों और आवश्यक पूंजीगत निवेश के लिए भी ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसी अवसर पर भारत टैक्सी सेवा का भी शुभारंभ किया गया। यह सहकारी क्षेत्र आधारित डिजिटल राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म है, जिसका संचालन सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड (एसटीसीएल) द्वारा किया जा रहा है। इसका उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, विश्वसनीय और सुविधाजनक परिवहन सेवा उपलब्ध कराने के साथ वाहन चालकों के आर्थिक हितों को बढ़ावा देना है। तहसील बुढ़ाना और जानसठ में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। अधिकारियों ने बी-पैक्स पदाधिकारियों से योजनाओं का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार कर पात्र किसानों तक लाभ पहुंचाने का आह्वान किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल