मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

रविवार को नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांव मुस्तफाबाद पचेंडा के जनता इंटर कालेज में सामाजिक समरसता सम्मेलन को संबोधित करते हुए रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष एंव केन्द्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने कहा कि पिछली सरकारों ने नफरत फैलाने और जातिवाद में बांटने का काम किया है। विपक्ष तीन शब्द के नारे से सामाज को तोडने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि जातिवाद के खिलाफ खडे होकर गांव-गांव जाकर समानता और सम्मान का संदेश देना होगा। उन्होंने संत रविदास और बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि आंबेडकर को किसी एक रंग या विचारधारा तक सीमित नहीं किया जा सकता। उनके विचार समानता, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े है।
उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता का मंच किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें सर्वसमाज की भागीदारी जरूरी है। मुजफ्फरनगर को स्वर्गीय चौधरी अजित सिंह की कर्मभूमि बताते हुए सामाजिक आंदोलन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने समाज की दरारों को भरने और लोगों को जोड़ने के लिए जीवनभर संघर्ष किया। ऐसी किसी एक सभा से समाज नहीं जुड़ सकता, बल्कि जब विभिन्न वर्गों के लोग साथ बैठेंगे और संवाद करेंगे, तभी सामाजिक दूरी कम होगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में समाज के विभाजन और नफरत को पनपने नहीं दिया जाएगा तथा सभी को बराबरी और सम्मान दिलाने का प्रयास जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि भारत की खूबसूरती उसकी विविधता में है। डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों का उल्लेख करते हुए जयंत चौधरी ने कहा कि उन्होंने जाति व्यवस्था को चुनौती देते हुए समानता और सामाजिक न्याय का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि अंबेडकर किसी एक रंग तक सीमित नहीं हैं, बल्कि भारत के हर रंग में उनके विचार दिखाई देते हैं। भारतीय ध्वज का हर रंग अंबेडकर की विचारधारा का रंग है। सामाजिक सम्मेलन की अध्यक्षता बोहरन सिंह और संचालन मंत्री अनिल कुमार व मंडल अध्यक्ष प्रभात तोमर ने किया। इस दौरान रालोद के युवा प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह, राष्ट्रीय सचिव रमा नागर, यूपी सरकार में कौशल विकास राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल, सांसद चंदन चौहान, विधायक राजपाल बालियान, प्रसन्न चौधरी, अशरफ अली खां, गुलाम मौहम्मद, मदन भैया, क्षेत्रीय अध्यक्ष तरसपाल मलिक, जिलाध्यक्ष संजय राठी, पूर्व मंत्री चौ.योगराज सिंह, पूर्व विधायक नूरसलीम राणा, राव अब्दुल वारिस, मंडल अध्यक्ष प्रभात तोमर, संदीप मलिक, अजीत राठी, जियाउर्रहमान, सुप्रिया पाल, रामनिवास पाल, हरेन्द्र पाल, उमा दत्त शर्मा, बाबू सिंह बौद्ध आदि मौजूद रहे।







