मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

नगर पालिका के सिकमी किरायेदारों की समस्याओं को लेकर व्यापारियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी के नेतृत्व में व्यापारियों ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया। वहीं नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ जोरदार विरोध करते हुए जमकर नारेबाजी की है। व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि सिकमी किरायेदारों का समाधान नहीं होता है तो उग्र आंदोलन दिया जाएगा।
जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी ने आरोप लगाते हुए कहा कि नगर पालिका बोर्ड में सिकमी किरायेदारों के संबंध में प्रस्ताव संख्या 630 पारित होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। व्यापारियों के मुताबिक 17 मार्केट के दुकानदारों को सिकमी किरायेदार घोषित किए जाने के बाद भी किराया वसूली और फाइलों से जुड़ी प्रक्रिया पूरी नहीं की जा रही है। कई दुकानदार पहले ही नियमानुसार किराया जमा कर चुके हैं, इसके बावजूद नगर पालिका के कुछ बाबुओं द्वारा पूरे समय का किराया जमा किए जाने की मांग की जा रही है। इससे दुकानदारों में रोष है। दुकानदारों को बार-बार किराये के लिए परेशान किया जा रहा है। बोर्ड में प्रस्ताव पारित होने के बाद भी प्रशासन की ओर से समस्या का समाधान नहीं किया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समस्या का समाधान नहीं हुआ तो संगठन तहसील कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन करेगा। प्रदर्शन में व्यापारियों ने मांग की कि प्रस्ताव संख्या 630 के अनुसार सिकमी किरायेदारों का किराया निर्धारित कर तत्काल प्रक्रिया पूरी की जाए, ताकि दुकानदारों को राहत मिल सके। व्यापारियों ने कहा कि उनकी मांग पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।







