मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

शुक्रवार को राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के चेयरमैन भगवत प्रसाद ने विकास भवन के सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की है। वहीं सफाई कर्मचारियों से भी वार्ता की है। बैठक के दौरान उनके सामने विभिन्न स्तर पर अनियमितता सामने आयी है। जिस पर चेयरमैन ने कडी नाराजगी जताई है, वहीं अधिकारियों के कडे निर्देश दिए है।
चेयरमैन भगवत प्रसाद ने सभी निकायों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी सफाई कर्मचारी सेवा निर्मित हो या किसी कारणवश ड्यूटी के दौरान कोई घटना होती है तो उसका नियमानुसार मानदेय का शीघ्र भुगतान किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी सफाई कर्मी की ड्यूटी के दौरान यदि मृत्यु हो जाती है तो उसके आश्रित परिवार को शैक्षिक योग्यता के आधार पर रखा जाए तथा उसके जो भी मानदेय हो उनका शीघ्र भुगतान किया जाए। इसमें किसी प्रकार की शिथिलता ना बरती जाए। उन्होंने निर्देश दिए संविदा कर्मी आउटसोर्सिंग सफाई कर्मियों के बड़े हुए मानदेय के अनुसार हर महीने की 5 तारीख तक भुगतान किया जाए तथा पीएफ, इपीएफ,आदि कटौती की जाए। उन्होंने कहा कि हर एक सफाई कर्मचारी का ईएसआई कार्ड बनाया जाए, जिससे उसको समय से इलाज हो सके। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए नगर पालिका कैंप लगाकर आयुष्मान कार्ड बनाए जाएं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा अभी जल्द में घोषणा की गई, समाज के 70 वर्ष आयु पूर्ण कर चुके हैं, उनके आयुष्मान कार्ड बनवाकर उनको 5 लाख तक के इलाज के लिए हर वर्ष निशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने सभी सफाई कर्मियों से कहा कि यदि कोई समस्या हो तो आयोग से संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने निर्देश दिए सफाई कर्मियों की पीएफ धनराशि का भुगतान जिस ठेकेदार/ कंपनी द्वारा भुगतान नहीं किया गया, इसकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। बैठक में मौजूद अधिकारियों को चेयरमैन ने चेतावनी देते हुए कहा कि सफाई कर्मचारियों से संबंधित मामलों में लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ काम करने तथा समस्याओं के त्वरित निस्तारण पर जोर दिया।







