मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

मंगलवार को आउटसोर्स के सफाई कर्मचारियों ने नगर पालिका में जमकर हंगामा किया। वहीं नगर पालिका प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए है। अगस्त माह का करीब 74 लाख रुपए वेतन न मिलने पर सफाई कर्मचारी जमकर भडके है। उनहोंने लंबित वेतन, यूनियन के चुनाव और पीएफ घोटाले को लेकर ईओ के समक्ष कडी नाराजगी जताई है। उन्होंने पीएफ घोटाले के मामले में सम्बंधित ठैकेदार के खिलाफ कार्रवाई और उक्त पैसा वापस दिलाने की मांग की है।
वाल्मीकि समाज के नेता राजकुमार बेनीवाल, राजेश उटवाल और सोनू बेनीवाल कहा कि वेतन भी लंबित है और ईपीएफ का पैसा भी नहीं दिया जा रहा है। राजकुमार बेनीवाल ने सफाई कर्मचारी संघ की कार्यकारिणी गठन के लिए चुनाव नहीं कराने के आरोप लगाते हुए कहा कि जल्द समाधान नहीं होने पर हड़ताल करने पर विवश हो जायेंगे। उन्होंने बताया कि आउटसोर्स कर्मचारी उपलब्ध कराने वाली अलर्ट सिक्योरिटास प्रा. लि. नामक फर्म का बड़ा खेल उजागर हुआ था। तत्कालीन ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह ने जांच कराई थी। इसमें पालिका प्रशासन को अंधेरे में रखकर 17 लाख 4 हजार 357 रुपये का फर्जी ईपीएफ चालान पेश किया, जबकि वास्तव में केवल 69,494 रुपये ही जमा किए गए थे। इस गबन के खुलासे के बाद ईओ प्रज्ञा सिंह ने आरवाई सिक्योरिटी और अलर्ट सिक्योरिटास दोनों फर्मों के भुगतान पर रोक लगा दी थी। साथ ही कानूनी कार्यवाही करने और एफडी जब्त करने के निर्देश दिए थे। इसमें 369 सफाई कर्मी और 28 वाहन चालक सहित कुल 397 कर्मचारियों का ईपीएफ गबन करने के आरोप साबित हुए थे। तभी से ये पैसा लगातार मांगा जा रहा है, लेकिन ईपीएफ का यह पैसा कर्मचारियों को नहीं मिला है।

इन्होंने बताया
ईपीएफ गबन मामले में संबंधित ठेकेदार फर्म की एफडी जब्त कर कर्मचारियों को पैसा दिलाने की कार्यवाही की जा रही है। ठेकेदार के खिलाफ कानूनी कार्यवाही भी की जायेगी। अगस्त माह का ही वेतन सफाई नायकों के द्वारा मास्टररोल उपलब्ध ने कराने के कारण लम्बित है। जल्द ही अगस्त माह का वेतन जारी करा दिया जायेगा।
पवन कुमार, ईओ नगर पालिका






