मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर के निर्देश पर नुमाईश कैंप में अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर पालिका की टीम का एसडीएम के रसोइया व उसके परिवार ने जमकर विरोध करते हुए हंगामा किया। उन्होंने पालिका की टीम के साथ जमकर तीखी नोकझोंक करते हुए अतिक्रमण की कार्रवाई को रोकने का प्रयास किया। नगर पालिका की टीम ने विरोध का सामना करते हुए प्राचीन मंदिर की छत पर कथित रूप से हुए अवैध निर्माण को ध्वस्त किया। इसके बाद एक फोन आने पर नगर पालिका की टीम कार्रवाई का अधूरा छोडकर वापस लौट गई।
नुमाईश कैम्प निवासी प्रमोद कुमार ने नगर मजिस्ट्रेट से शिकायत करते हुए आरोप लगाया था कि उनके मकान के सामने स्थित पुराने मंदिर की छत पर निर्माण कर उसे आसपास के मकान से मिला लिया गया है। निर्माण के कारण रास्ते का हिस्सा प्रभावित हुआ है और मंदिर की पुरानी संरचना में बदलाव किया गया है। प्रमोद ने एसडीएम के रसोइया चंदन कुमार अवैध निर्माण कराने का गंभीर आरोप लगाया है। उसने मंदिर के पुराने लिंटर को हटाकर नया लिंटर डाला और इसके ऊपर छज्जा बढ़ाते हुए निर्माण करा लिया। बाद में इस निर्माण को अपने मकान से जोड़ दिया गया। नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर ने पालिका ईओ को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। ईओ ने एई निर्माण नैपाल सिंह को जांच और कार्रवाई के लिए निर्देश दिए। गुरुवार को एई निर्माण नैपाल सिंह, पटल लिपिक शोभित सिंघल तथा अतिक्रमण हटाओ दस्ते की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई की। इस दौरान उक्त लोगों ने जमकर हंगामा किया। चंदन ने एक अधिकारी से भी फोन पर बात कराने का प्रयास करते हुए प्रभाव जमाया। फोन आने के बाद नगर पालिका की टीम वहां से वापस लौट गई।

इन्होंंने बताया
मंदिर की छत पर अवैध निर्माण किए जाने की शिकायत सिटी मजिस्ट्रेट से की गई थी। जांच में प्राचीन मंदिर की छत पर अवैध निर्माण पाया गया। इसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट के आदेश के तहत मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को हटाने की कार्रवाई की गई है।
नेपाल सिंह, एई निर्माण नगर पालिका






