मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

कांवड यात्रा को लेकर जिला प्रशासन के द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप देने का कार्य किया जा रहा है। सभी विभागाें को कांवड संबंधित सभी व्यवस्था दुरूस्त करने के निर्देश दिए गए है। शुक्रवार को जिला पंचायत के सभागार में डीएम व एसएसपी ने कांवड यात्रा को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए अधिकारी और कांवड सेवा शिविर संचालकों के साथ बैठक की है। डीएम उमेश मिश्रा ने कांवड शिविर संचालकों को प्लास्टीक का प्रयोग न करने के लिए कहा है। वहीं कांवड शिविर में सीसीटीवी कैमरा,पेयजल, टॉयलेट, साफ सफाई, फायर सेफ्टी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए है। डीएम ने कहा कि शहरी क्षेत्र में कांवड शिविर के लिए नगर मजिस्ट्रेट और देहात क्षेत्र में संबंधित एसडीएम से अनुमति लेनी होगी।
डीएम उमेश मिश्रा ने कावड़ शिविर संचालकों से कहा कि हम आप मिलकर कावड़ यात्रा को सकुशल संपन्न करना है। इसमें आप लोगों का सहयोग अपेक्षित है। उन्होंने कहा कि शिविर लगाएं जाने के लिए अनुमति लेना अनिवार्य होगा। उन्होंने कहा कि शिविरों में सीसीटीवी कैमरा,पेयजल, टॉयलेट, साफ सफाई, फायर सेफ्टी, विद्युत वायर खुले में न हो उसे कवर किया जाए। शिविर में जिन लोगों को रखें उनके लिए आई कार्ड अवश्य दिया जाए। उन्होंने कहा कि कावड़ यात्रा के दौरान प्लास्टिक के ग्लास पतले आदि का प्रयोग न किया जाए। यदि कहीं पर किसी प्रकार की कोई दिक्कत होती है, तो उच्च अधिकारियों को अवश्य अवगत कराया जाए। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए की सड़कों में जहां-जहां पर भी सड़क गड्ढे भरने से छूट गए हैं उनको तत्काल ठीक कराया जाए तथा जहां पर बिजली के तार ऊंचे होने से रह गए हैं, उनको ऊंचा किया जाए और ट्रांसफार्मर की बैरिकेटिंग व पोलों आदि को प्लास्टिक की पॉलीथिन से कवर किया जाए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने कहा कि किसी प्रकार कोई अफवाह सोशल मीडिया पर आती है, उस पर ध्यान ना दें तथा उच्च अधिकारियों को अवगत कराए । अधिशासी अभियंता विद्युत ने कावड़ शिविर संचालको को अवगत कराया कि शिविर में विद्युत व्यवस्था के लिए झटपट पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करने पर एक सप्ताह में कनेक्शन मिल जाएगा। बैठक में एडीएम प्रशासन संजय कुमार सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व गजेन्द्र कुमार, पुलिस अधीक्षक नगर सत्य नारायण प्रजापत, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल आदि मौजूद रहे।







