मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

जनपद में प्रत्येक ग्राम पंचायत में डिजिटल लाईब्रेरी बनेंगी। प्रथम चरण में जनपद की 80 ग्राम पंचायतों को चिन्हित किया गया है। जिनमें करीब 3.20 करोड की धनराशि से डिजिटल लाईब्रेरी बनाई जाएगी। इस संबंध में विकास भवन के सभागार में डीएम ने अधिकारियों के साथ बैठक की है।
जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा प्रदेश के प्रत्येक जनपद में डिजिटल पुस्तकालय (बाल एवं किशोर पुस्तकालय) स्थापित किये जाने की योजना चलायी जा रही है। ग्राम के युवा एवं किशोर लोगो के लिये डिजिटल लाईब्रेरी की स्थापना की जानी है। इसके लिये उन ग्राम पंचायतों का चयन किया गया है जिन ग्राम पंचायत के पंचायत भवनो में 2 या 2 से अधिक कमरे स्थापित है। जनपद में प्रथम चरण में 80 ग्राम पंचायतों का चयन किया गया है। जिनमें डिजिटल लाईब्रेरी की स्थापन की जायेगी। प्रत्यके डिजिटल लाईब्रेरी हेतु 4 लाख रूपये की धनराशि आवंटित की जायेगी। जिसमें डिजिटल लाईब्रेरी में एक स्मार्ट एलईडी टीवी कैमरे के साथ, डैस्कटाप कम्प्यूटर, यूपीएस इत्यादि और पुस्तके एनबीटी के माध्यम से क्रय की जायेगी। इसके अलावा इन ग्राम पंचायतों में डिजिटल पाठ्यकम भी उपलब्ध कराये जायेगे। डीएम के निर्देशन में डिजिटल लाईब्रेरी फर्नीचर क्रय हेतु समितियाँ बनायी गयी है। बैठक में सभी को निर्देशित किया गया कि चयनित ग्राम पंचायतों में उत्कृष्ट लाईब्रेरी स्थापित हो, जिसके माध्यम से ज्यादा से ज्यादा बाल एवं किशोरो को लाभ मिल सके। इस समिति में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, राजकीय कॉलेज के प्रधानाचार्य को भी समितियों में शामिल किया गया है।







