मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज


उत्तर प्रदेश सरकार के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं मुज़फ्फरनगर सदर विधायक कपिल देव अग्रवाल ने आज अपनी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम शेरनगर स्थित प्राचीन सिद्धपीठ शिव मंदिर परिसर में पर्यटन विकास योजना के अंतर्गत लगभग ₹69 लाख की लागत से निर्मित होने वाले बहुउद्देशीय हॉल का विधिवत भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया।


मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ-साथ तीर्थ स्थलों पर आधुनिक सुविधाओं के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य श्रद्धालुओं को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा धार्मिक पर्यटन को नई गति प्रदान करना है।
उन्होंने कहा कि प्राचीन सिद्धपीठ शिव मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां प्रतिवर्ष हजारों श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं। निर्माणाधीन बहुउद्देशीय हॉल धार्मिक अनुष्ठानों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, सामाजिक आयोजनों, सत्संग एवं जनहित के विभिन्न कार्यक्रमों के संचालन के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा।
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने बताया कि आगामी पवित्र श्रावण कांवड़ यात्रा के दौरान यह भवन शिवभक्त कांवड़ियों के विश्राम, सेवा, चिकित्सा सहायता, जलपान एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे कांवड़ यात्रा के दौरान आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा स्थानीय प्रशासन को भी व्यवस्थाओं के संचालन में सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार धार्मिक स्थलों को पर्यटन की दृष्टि से विकसित कर स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी सशक्त बना रही है। इससे क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, स्थानीय व्यापार को प्रोत्साहन मिलेगा तथा धार्मिक पर्यटन को नई पहचान प्राप्त होगी।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित संत-महात्माओं एवं गणमान्य नागरिकों ने इस विकास कार्य के लिए प्रदेश सरकार एवं मंत्री कपिल देव अग्रवाल का आभार व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
इस अवसर पर मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, संत-महात्माओं, ग्रामवासियों एवं श्रद्धालुओं के आत्मीय स्नेह, सहयोग एवं आशीर्वाद के लिए हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित किया और कहा कि जनसेवा एवं क्षेत्र के सर्वांगीण विकास का यह अभियान निरंतर जारी रहेगा





