मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से आज दिनांक 12.07.2026 को पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक द्वारा ग्रामीण क्षेत्र में पड़ने वाले कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान महोदय द्वारा नावला कोठी से फुलत, बड़सू एवं भूपखेड़ी तक कांवड़ मार्ग का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग, डायवर्जन, संवेदनशील स्थलों, प्रकाश व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना श्री गजेन्द्र पाल सिंह, प्रभारी निरीक्षक रतनपुरी श्री राकेश कुमार सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान महोदय द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता रहे। कांवड़ मार्ग पर निर्बाध एवं सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित किया जाए, संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध समय से पूर्ण किए जाएं। साथ ही कांवड़ मार्ग पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का नियमित निरीक्षण कर आवश्यक कमियों का तत्काल निराकरण कराने के निर्देश दिए गए।





