मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

नाला निर्माण पूरा न होने के कारण 20 मिनट की बारिश से मोहल्ला साकेत, ब्रह्मपुरी आदि में जलभराव हो गया। मुख्य सड़क के साथ गली मोहल्लों की सड़क पुरी तरह से पानी भी डूब गई। स्थानीय लोगों को घर और दुकानों के अंदर पानी भरने का खतरा सताने लगा। पिछले दिनों सभासद देवेश कौशिक ने बरसात से पहले करीब 300 मीटर नाला निर्माण पूण्र कराने की पालिका प्रशासन से मांग की थी, लेकिन निर्माण विभाग के द्वारा सरवट की ओर से नाला निर्माण कार्य पूर्ण नहीं कराया गया है। इस मामले को लेकर स्थानीय लोगों में काफी रोष बना हुआ है।
मोहल्ला सरवट की ओर से करीब 800 मीटर नाला निर्माण कराने का नगर पालिका ने टेंडर किया था। संबंधित ठेकेदार के द्वारा करीब 500 मीटर नाला निर्माण कार्य पूर्ण कराया गया। शेष 300 मीटर नाले के निर्माण को लेकर विवाद हो गया। जिस कारण नाला निर्माण आगे नहीं बढ पाया। विरोध के चलते ठेकेदार ने भी हाथ खडे कर दिए और 500 मीटर नाला निर्माण पूर्ण कराने के लिए रिपोर्ट नगर पालिका प्रशासन को सौंप दी। बताया जाता है कि नगर पालिका से करीब 500 मीटर नाले का भुगतान संबंधित ठेकेदार को हो गया है। सभासद देवेश कौशिक ने 300 मीटर नाले का निर्माण पूर्ण कराने की पालिका प्रशासन से मांग की थी, लेकिन नगर पालिका के निर्माण विभाग के द्वारा नाला निर्माण पूर्ण नहीं कराया गया है। जिस का दंश स्थानीय लोगों को झेलना पड रहा है। सोमवार को हुई 20 मिनट की बारिश में मोहल्ला साकेत, ब्रह्मपुरी आदि में पानी भर गया। यहां पर पानी की निकासी के लिए पुख्ता इंतजाम नहीं है। जिस कारण दिनभर स्थानीय लोग जलभराव की समस्या को लेकर परेशान रहे है।






