मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तन सिटी न्यूज

नगर पालिका मुजफ्फरनगर के नामित सभासदों ने चेयरपर्सन से मुजफ्फरनगर का नाम बदलकर लक्ष्मीनगर करने की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप को प्रस्ताव भी दिया है। वहीं उक्त प्रस्ताव को आगामी बोर्ड बैठक में शामिल करने का अनुरोध भी किया है।
नामित सभासदों ने कहा कि यह मांग नगर की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक एवं धार्मिक पहचान के साथ-साथ लाखों नागरिकों की भावनाओं से जुड़ी हुई है। उन्होंने आग्रह किया कि इस प्रस्ताव को नगर पालिका परिषद की आगामी बोर्ड बैठक में विचारार्थ रखा जाए। बोर्ड से अनुमोदन प्राप्त होने के उपरांत शासन को अग्रसारित किया जाए, जिससे मुजफ्फरनगर का नाम बदलकर लक्ष्मीनगर किए जाने की प्रक्रिया आगे बढ़ सके। सभासदों का कहना है कि लक्ष्मीनगर नाम भारतीय संस्कृति, समृद्धि एवं हमारी गौरवशाली परंपराओं का प्रतीक है। यह परिवर्तन नगर की पहचान को नई दिशा प्रदान करेगा तथा जनभावनाओं का सम्मान भी होगा। सभी नामित सभासदों ने आशा व्यक्त की कि जनभावनाओं एवं नगर के सांस्कृतिक गौरव को ध्यान में रखते हुए इस प्रस्ताव पर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा। इस प्रस्ताव पर चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप और वरिष्ठ भाजपा नेता गौरव स्वरूप ने गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए सभी नामित सभासदों को आश्वस्त किया कि जनभावनाओं एवं नगर के सांस्कृतिक महत्व से जुड़े इस प्रस्ताव को पूरी गंभीरता के साथ लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रस्ताव को नियमानुसार आगामी बोर्ड बैठक में प्रस्तुत करने एवं आवश्यक प्रक्रिया के तहत शासन को प्रेषित करने हेतु सकारात्मक पहल की जाएगी। इस दौरान नामित सभासद सचिन सैनी, अमन तोमर, अभिजीत सिंह गंभीर, रवि पाराशर और अमित बॉबी आदि उपस्थित रहे।





