Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » पालिका टीम का विरोध और हंगामा, जमकर की अभद्रता

पालिका टीम का विरोध और हंगामा, जमकर की अभद्रता

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

नई मंडी क्षेत्र में नगर पालिका के द्वारा प्रतिबंधित पॉलीथिन और सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ चलाए गए अभियान को लेकर हंगामा हो गया। कुछ दुकानदारों ने पालिका टीम का जमकर विरोध किया और अभद्रता भी की। टीम ने विरोध के बीच कई दुकानदारों से पॉलीथिन आदि जब्त की है।


प्रतिबंधित पॉलीथिन और सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दूसरे दिन नगर पालिका परिषद और उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की संयुक्त टीम को नई मंडी क्षेत्र में विरोध और अभद्रता का सामना करना पड़ा। कार्रवाई के दौरान हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे मामले की चर्चा तेज हो गई है। नई मंडी क्षेत्र के पीठ बाजार में प्रतिबंधित पॉलीथिन और सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत दुकानों का निरीक्षण किया जा रहा था और व्यापारियों को प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री का उपयोग बंद करने के लिए जागरूक भी किया जा रहा था। इसी दौरान एक दुकान पर जांच और कार्रवाई के समय विवाद खड़ा हो गया। वायरल वीडियो में दुकानदार और उसकी बुजुर्ग मां टीम की कार्रवाई का विरोध करते दिखाई दे रहे है। काफी देर तक हंगामे जैसी स्थिति बनी रही। अभियान के संबंध में नगरपालिका की कार्यवाहक कर अधीक्षक पारुल यादव ने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुपालन में नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर और उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा संयुक्त रूप से प्लास्टिक उन्मूलन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पांच दुकानों में प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री का भंडारण पाया गया। टीम ने कुल 2.5 किलोग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त करते हुए संबंधित दुकानदारों से दो-दो हजार रुपये का जुर्माना वसूला है। इस दौरान नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय प्रताप शाही, कार्यवाहक कर अधीक्षक पारुल यादव, राजस्व निरीक्षक अमित कुमार एवं अमरजीत सिंह, सफाई निरीक्षक पलक्षा मैनवाल, स्वच्छ भारत मिशन से रुचि शर्मा, बीसी सोनू मित्तल आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल