Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए अंतिम मतदाता सूची जारी, 487 ग्राम पंचायत में हुए 16.67 लाख मतदाता

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए अंतिम मतदाता सूची जारी, 487 ग्राम पंचायत में हुए 16.67 लाख मतदाता

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

बुधवार को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए अंतिम मतदाता सूची जारी हो गई है। दावे-आपत्तियों के निस्तारण, सत्यापन और आवश्यक संशोधनों के बाद सूची को अंतिम रूप देकर सार्वजनिक कर दिया गया है। प्रशासन ने सभी मतदान केंद्रों और पोलिंग बूथों पर मतदाता सूची चस्पा करने की प्रक्रिया को शुरू कर दिया गया है। 487 ग्राम पंचायतों में 16.67 लाख मतदाता हो गए है। जनपद में करीब 88,224 मतदाताओं की शुद्ध बढ़ोतरी हुई है। वहीं मतदाता सूची से 1.56 लाख मतदाताओं के नाम हटाए गए है।
एडीईओ पंचायत सुरेन्द्र सिंह ने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा 18 दिसंबर 2025 को प्रकाशित अनंतिम मतदाता सूची में जिले भर में बड़े पैमाने पर नए मतदाताओं को शामिल किया गया था। पुनरीक्षण अभियान के दौरान कुल 2,44,636 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए, जबकि 1,56,412 मतदाताओं के नाम विभिन्न कारणों से हटाए गए। इनमें स्थानांतरित, मृतक और डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम शामिल रहे। इस दौरान 22,236 मतदाताओं के विवरणों में संशोधन भी किया गया। इसके परिणाम स्वरूप जिले में 88,224 मतदाताओं की शुद्ध वृद्धि दर्ज की गई। जिले में पुनरीक्षण अभियान से पूर्व कुल मतदाताओं की संख्या 15,79,042 थी, जो अब बढ़कर 16,67,266 मतदाता हो गई है। मतदाताओं की संख्या में कुल 5.55 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

सर्वाधिक वोटर बुढ़ाना ब्लॉक में 
मुजफ्फरनगर। पुनरीक्षण के बाद अब सबसे अधिक मतदाता बुढ़ाना ब्लॉक में हो गए हैं, यहां पर कुल 60 ग्राम पंचायतों में 2,35,853 मतदाता पंजीकृत हुए हैं, दूसरे स्थान पर खतौली ब्लॉक है, यहां कुल 84 ग्राम पंचायतों में 2,22,680 और तीसरे स्थान पर 50 ग्राम पंचायतों वाला मोरना ब्लॉक है, यहां 1,82,860 वोटर पंजीकृत हैं। सबसे कम मतदाता 43 ग्राम पंचायत वाला पुरकाजी ब्लॉक है, यहां 1,21,781 मतदाता पंजीकृत हैं। सबसे अधिक वृद्धि प्रतिशत शाहपुर ब्लॉक का रहा है, यहां पर 7.85 प्रतिशत मतदाता जोड़े गये हैं। जबकि सबसे कम बढ़ोतरी पुरकाजी ब्लॉक में हुई, यहां 4.15 प्रतिशत नए मतदाताओं के नाम जुड़े हैं।

त्रिस्तीय पंचायत चुनाव के लिए अंतिम मतदाता सूची
ब्लाक ग्राम पंचायत कटे वोटर नए मतदाता कुल वोटर
खतौली 84 20787 10737 222680
चरथावल 58 19999 10018 182429
जानसठ 61 17234 9598 197723
पुरकाजी 43 15067 4857 121781
बघरा 48 16424 9343 193136
बुढाना 60 20943 15897 235853
मोरना 50 15787 8268 182860
शाहपुर 40 11590 11222 154107
सदर 43 18581 8284 176697
योग 487 156412 88224 1667266

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल