मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

गुरुवार को मुख्यमंत्री ग्रामीण बस संचालकों ने प्राईवेट डग्गामार वाहनों से परेशान होकर एआरटीओ कार्यालय पर बसें खड़ी कर जमकर हंगामा किया। इस दौरान कुछ बस संचालकों की एआरटीओ प्रवर्तन के साथ झडप भी हुई। प्रदर्शनकारियों ने सीएम योगी के नाम ज्ञापन देते हुए कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा पर जिले के निजी डग्गामार वाहन संचालक बसों का संचालन पूरी तरह ठप करने का प्रयास कर रहे है।
सीएम ग्रामीण बस सेवा संचालक गुरुवार को अपनी बसें लेकर टीपीनगर में स्थित एआरटीओ कार्यालय पर पहुंचे। उन्होंने बसों को कार्यालय के बाहर खडी कर डग्गामार वाहनों के संचालन के खिलाफ जमकर हंगामा और नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। शोर शराबा होने पर एआरटीओ प्रवर्तन सुशील कुमार मिश्रा बस संचालकों के बीच पहुंचे। बस संचालकों ने बताया कि प्राइवेट डग्गामार वाहनो का संचालन ट्रेफिक पुलिस एवं एआरटीओ के संरक्षण में खुलेआम अपने निजी स्वार्थ हेतु कराया जा रहा है। डग्गामार वाहन संचालन मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा का संचालन नही होने दे रहे है तथा हमारी बसो के सामने जबरन अपने वाहन लगाकर बसों से यात्रियो को जबरन उतार रहे हैं। वहीं धमकी दे रहे हैं कि किसी भी सूरत में मुख्यमंत्री ग्रामीण बसों का संचालन नही होने देंगे। उन्होंने बताया कि उनके द्वारा लगातार जान से मारने व बसों में आग लगाने की धमकियां दी जा रही है। उन्होंने इस मामले में कार्रवाई की मांग की है। जिससे मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा से ग्रामीण क्षेत्रवासी लाभान्वित हो सके। इस दौरान विकास कुमार, सतीश कुमार, गौरव कुमार, कपिल कुमार, बिट्टू कुमार आदि उपस्थित रहे।







