Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » फूटा लोगों का गुस्सा, दी पलायन करने की चेतावनी, अधिकारियों में मचा हडकम्प, एई को नोटिस

फूटा लोगों का गुस्सा, दी पलायन करने की चेतावनी, अधिकारियों में मचा हडकम्प, एई को नोटिस

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

शहर के मोहल्ला पुरानी आबकारी रामलीला टिल्ला क्षेत्र में नाला निर्माण कार्य को लेकर बरती गई लापरवाही पर मोहल्लेवासियों को गुस्सा फूट गया। रात्रि में स्थानीय लोगों ने मकान खाली करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। नगर मजिस्ट्रेट, सीओ सिटी और नगर पालिका ईओ मौके पर पहुंची। गुस्साए लोगों को शांत किया गया। शुक्रवार की सुबह को उक्त लोग धरने पर बैठ गए। लोगों ने अपना दर्द सुनाते हुए पलायन करने की कडी चेतावनी दी। इस चेतावनी से हडकम्प मच गया। चेयरपर्सन के पति एवं भाजपा नेता गौरव स्वरूप सभासदों के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर सीएंडडीएस के अधिकारियों को बुलाया गया और मौके पर निर्माण कार्य शुरू कराया गया। उधर चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने इस मामले में जल निगम के एई को नोटिस जारी करते हुए जवाब मांगा है।


रामलीला टिल्ला क्षेत्र में पानी की निकासी के समाधान को करीब 17 करोड की लागत से नाला निर्माण जल निगम की कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस नागर इकाई द्वारा कराया जा रहा है। यह नाला निर्माण शाहबुद्दीनपुर से केई मोहल्लों को जोडते हुए रामलीला टिल्ला काली नदी तक कराया जाना है। जल निकासी की वैकल्पिक व्यवस्था किए बिना पुराने नाले को बंद कर दिया गया। नाले का गंदा पानी रिहायशी क्षेत्रों में फैलने के साथ कई घरों तक पहुंच गया, जिससे लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। गुरुवार को बारिश होने पर हालात और अधिक बिगड गए। मकान गिरने के डर से लोगों ने रात्रि में अपने मकान खाली कर दिए। गुरुवार की रात्रि में हंगामे की सूचना पर नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर, सीओ सिटी एंव एएसपी सिद्धार्थ के मिश्रा, ईओ डा. प्रज्ञा सिंह मौके पर पहुंची। उन्होंने मौके पर पहुुंच कर लोगों की समस्या को सुना और समाधान कराने का आश्वासन दिया। शुक्रवार की सुबह को गुस्साए लोग धरने पर बैठ गए और समाधान न होने पर पलायन करने की चेतावनी दी। भाजपा नेता गौरव स्वरूप, भाजपा नेता विकल्प जैन, सभासद राजीव शर्मा, मनोज वर्मा, प्रशांत गौतम, गौरव मुंडे, शुभम जैन, सुशील कुमार अन्य सभासद मोके पर पहुंचे। उधर सीएंडडीएस के अधिकारियों को मौके पर बुलाया गया। सागर कुमार ने बताया कि सीएंडडीएस के अधिकारियों ने काम शुरू करा दिया। उधर, समाजवादी पार्टी नेता राकेश शर्मा भी क्षेत्र में पहुंचे और नाला निर्माण कार्य में सामने आ रही खामियों पर नाराजगी व्यक्त की। वहीं नगरपालिका चेयरमैन मीनाक्षी स्वरूप ने भी गंभीरता दिखाते हुए जल निगम सीएंडडीएस के एई रामबीर सिंह को नोटिस जारी करते हुए लापरवाही पर गंभीर नाराजगी व्यक्त करते हुए कड़ी फटकार के साथ नोटिस जारी किया है।

 जेसीबी मशीन से सड़कों पर पडी सिल्ट को उठवाया
मुजफ्फरनगर। चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने इस मामले में सीएंडडीएस को जनहितों की सुरक्षा सुनिश्चित किये बिना ही निर्माण कार्य शुरू करने और अन्य सामने आई अनियमितता तथा लापरवाही पर कडी नाराजगी जताई है। वहीं उनसे जवाब तलब भी किया है। इसकी जानकारी डीएम को भी दी गई। पालिका प्रशासन ने अपनी जेसीबी मशीन, रोबोट और अन्य मैन पॉवर लगाकर सड़कों पर फैली सिल्ट को उठवाया है।

सड़क पर पडी सिल्ट से लोगों का बुरा हाल
मुजफ्फरनगर। नाला निर्माण के नाम पर रामलीला टिल्ला क्षेत्र में घोर लापरवाही बरती जा रही है। यहां पर सड़क बुरी तरह से क्षतिग्रस्त है। वहीं नाले की पुलिया भी टूटी हुई है। इसके बावजूद भी नाले की सिल्ट को सीएंडसीएस के द्वारा सड़क पर डलवा दिया गया। जिस कारण यहां से गुजरने वाले लोग फिसल रहे है। वहीं स्थानीय लोगों को बदबू से बुरा हाल बना हुआ है।

मकानों की सुरक्षा को लगाई जाएगी लोहे की सीट
मुजफ्फरनगर। नगर पालिका ईओ डा. प्रज्ञा सिंह ने बताया कि स्थानीय लोगों के मकानों की सुरक्षा के लिए आरसीसी की दीवार बनाने का निर्णय लिया गया है, ताकि उक्त लोगों के मकानों में नाले के पानी को जाने से रोका जा सके। इसके लिए सीएंडडीएस के अधिकारियों से भी वार्ता हुई है। सीएंडडीएस के अधिकारियों ने बताया कि वह मकानों की सुरक्षा के लिए लोहे की सीट लगाएगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल