मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज


बुधवार को पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लि. के प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता ने मुजफ्फरनगर पहुंच कर चीफ आफिस में अधिकारियों के साथ बैठक की है। इस दौरान बुढाना और चरथावल क्षेत्र के एक्सईएन का पैरा मीटर खराब मिला है। राजस्व वसूली न करने और लाइन लॉस कम न होने पर एमडी ने दोनों अधिशासी अभियंता को जमकर फटकार लगाई है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के अंदर कार्य प्रणाली में सुधार नहीं होता है तो फिर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। एमडी ने जानसठ रोड और द्वारिका सिटी उपकेन्द्र का निरीक्षण किया है।
प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करते हुए विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता, राजस्व संग्रह तथा आगामी ग्रीष्मकाल की चुनौतियों को देखते हुए अनेक महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए। प्रबंध निदेशक ने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि मासिक एवं पारगामी राजस्व लक्ष्यों को शत-प्रतिशत पूरा किया जाए। जिन खंड, उपखंड या उपकेंद्रों में लक्ष्य पूरा नहीं हो रहा है, वहां संबंधित अवर अभियंता, उपखंड अधिकारी एवं अधिशासी अभियंता की जिम्मेदारी तय कर कठोर कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि लाइन लॉस, कलेक्शन एफीशिएंसी एवं थ्रो रेट में उल्लेखनीय सुधार लाया जाए, अन्यथा जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी। स्मार्ट मीटरिंग से संबंधित समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया जाए। इस दिशा में विशेष ध्यान दिया जाए। बिलिंग शत-प्रतिशत सुनिश्चित की जाए तथा उपभोक्ताओं को सही और समय पर बिल उपलब्ध कराए जाएं। बिजनेस प्लान 2024-25 के अंतर्गत सभी स्वीकृत कार्य एक सप्ताह के भीतर पूर्ण कर लिए जाएं। देरी करने वालों की पहचान कर उनके विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी। साथ ही वर्ष 2025-26 के स्वीकृत कार्यों हेतु तत्काल कार्य योजना तैयार कर तेजी से कार्य संपादित किए जाएं।

उपभोक्ताओं का फोन न उठाने वाले अधिकारियों पर होगी कार्रवाई
मुजफ्फरनगर। एमडी ने कहा कि उपभोक्ताओं के फोन अवश्य उठाए जाएं। सौम्य एवं शिष्ट भाषा में उनकी समस्याओं का समाधान किया जाए। लोकल फॉल्ट होने पर तुरंत व्हाट्सएप ग्रुप में सूचना दी जाए तथा कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे कार्य की फोटो नियमित रूप से अपलोड की जाए। कार्य के दौरान सभी सुरक्षा गियर का अनिवार्य उपयोग किया जाए तथा सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए ताकि कोई दुर्घटना न हो। रवीश गुप्ता ने कहा कि ग्रीष्मकाल की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में टीम वर्क, त्वरित प्रतिक्रिया और सुरक्षा मानकों का पालन ही निर्बाध विद्युत आपूर्ति का आधार बनेगा।




