मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया द्वारा आज सदर ब्लॉक के मखियाली गांव का भ्रमण किया गया। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी स्वयं गांव में घर-घर पहुंचे तथा ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की।


भ्रमण के दौरान ग्रामीणों द्वारा विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य समस्याओं के संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी को अवगत कराया गया। डॉ. सुनील तेवतिया ने लोगों से उनके स्वास्थ्य की स्थिति, मौसमी बीमारियों के लक्षण, बच्चों एवं बुजुर्गों के स्वास्थ्य, साफ-सफाई की व्यवस्था तथा गांव में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी प्रकार की बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी महोदय के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा माखियाली गांव में उत्पन्न स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का गंभीरता से संज्ञान लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा विशेष सर्वे कराया जाएगा, जिसके माध्यम से प्रभावित व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें आवश्यक उपचार एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने यह भी कहा कि स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है कि प्रत्येक ग्रामीण को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हों तथा किसी भी व्यक्ति को उपचार के अभाव में परेशानी का सामना न करना पड़े।

डॉ. सुनील तेवतिया ने जानकारी देते हुए बताया कि कल मखियाली गांव में स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम भेजी जाएगी, जहां विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में ग्रामीणों की निशुल्क स्वास्थ्य जांच, परामर्श एवं आवश्यक दवाइयों का वितरण किया जाएगा। इसके साथ ही गंभीर रूप से बीमार मरीजों को आवश्यकतानुसार उच्च चिकित्सा केंद्रों के लिए रेफर भी किया जाएगा।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि स्वास्थ्य शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी जांच कराएं तथा स्वास्थ्य विभाग की टीम को सर्वे कार्य में सहयोग प्रदान करें।





