मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

आगामी त्यौहारों को देखते हुए एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने पुलिस फोर्स के साथ शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए फ्लैग मार्च निकाला है। एसएसपी ने इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को भी परखा है। वहीं सबंधित थाना प्रभारी को विभिन्न बिन्दुओं पर दिशा निर्देश भी दिए है।


आगामी पर्व एवं त्यौहारों को जनपद में सकुशल सम्पन्न कराने, कानून-व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा द्वारा पुलिस बल के साथ नगर क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया गया। फ्लैग मार्च के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था, बाजार क्षेत्र की स्थिति, ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल की सतर्कता, ट्रैफिक नियंत्रण तथा संवेदनशील स्थानों की निगरानी व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया गया। ड्यूटी पर मौजूद पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देशित किया कि वे अपराधिक गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखें। संदिग्ध व्यक्तियों/वाहनों की प्रभावी चेकिंग करें। किसी भी आपात स्थिति में शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ, पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ के.मिश्रा सहित समस्त क्षेत्राधिकारीगण एवं अन्य पुलिस अधिकारी, कर्मचारीगगण भी उपस्थित रहे।






